झालमुड़ी वाला ब्रेक बना चुनावी चर्चा का केंद्र, पीएम मोदी ने रोकी गाड़ी और पहुंचे आम दुकानदार के पास
बंगाल चुनाव 2026 में प्रचार के बीच प्रधानमंत्री का अनोखा अंदाज, झारग्राम में विक्रम साव की दुकान पर 10 रुपये की झालमुड़ी खाकर जीता लोगों का दिल
West Bengal Assembly Elections 2026 बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक साधारण लेकिन बेहद खास पल सुर्खियों में आ गया है। चुनावी सभाओं और राजनीतिक भाषणों के बीच उनका यह ‘झालमुड़ी ब्रेक’ अब आम जनता के बीच चर्चा का विषय बन चुका है। रविवार को पश्चिम बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने कई जनसभाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उनका काफिला झारग्राम से हेलीपैड की ओर बढ़ रहा था, तभी अचानक कॉलेज मोड़ के पास काफिला रुक गया। सुरक्षा और प्रोटोकॉल के बीच अचानक हुई इस हलचल ने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया। कुछ ही पलों में यह स्पष्ट हो गया कि प्रधानमंत्री खुद अपनी गाड़ी से उतरकर सड़क किनारे एक छोटे से ठेले की ओर बढ़ रहे हैं। यह ठेला था विक्रम साव का, जो वहां झालमुड़ी बेचते हैं।
“भैया, मुझे झालमुड़ी खिलाओ”
प्रधानमंत्री ने दुकान के पास पहुंचते ही सहज अंदाज में कहा—“भैया, मुझे झालमुड़ी खिलाओ।” यह सुनकर दुकानदार विक्रम साव पहले तो चौंक गये, फिर संभलते हुए बोले कि आप जितने का कहेंगे, उतने की बना देंगे। इस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए पूछा—“अच्छा वाला कितने में देते हो?” दुकानदार ने जवाब दिया—10 और 20 रुपये। प्रधानमंत्री ने तुरंत 10 रुपये की झालमुड़ी बनाने को कहा और अपनी जेब से पैसे निकालकर उन्हें देने लगे। हालांकि विक्रम साव पैसे लेने में हिचकिचा रहे थे। उन्होंने कहा कि “आपका आना ही हमारे लिए बड़ी बात है।” लेकिन प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि “ऐसे नहीं चलेगा” और उन्हें पैसे थमा दिए।
दुकान पर खड़े होकर खाई झालमुड़ी
झालमुड़ी तैयार होने के दौरान भी पीएम मोदी और दुकानदार के बीच हल्की-फुल्की बातचीत चलती रही। विक्रम साव ने पूछा कि क्या वे प्याज और मिर्च खाते हैं। इस पर प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया—“हां, प्याज-मिर्च खाता हूं, किसी का सिर नहीं।” उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े और माहौल पूरी तरह हल्का-फुल्का हो गया। इसके बाद पीएम मोदी ने दुकान पर ही खड़े होकर झालमुड़ी का स्वाद लिया।
बच्चों और महिलाओं के बीच खास पल
प्रधानमंत्री के इस अचानक पड़ाव की खबर कुछ ही मिनटों में आसपास फैल गई। देखते ही देखते वहां महिलाओं और बच्चों की भीड़ जुट गई। पीएम मोदी ने कुछ बच्चों को अपने हाथों से झालमुड़ी भी दी। यह दृश्य किसी राजनीतिक कार्यक्रम से ज्यादा एक मानवीय जुड़ाव का प्रतीक बन गया। कई महिलाएं अपने बच्चों को आगे बढ़ाकर प्रधानमंत्री से मिलने और उनसे कुछ पाने की कोशिश करती नजर आईं। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। खुद प्रधानमंत्री ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस पल को साझा करते हुए लिखा कि व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बीच झालमुड़ी का आनंद लिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे सहज और मानवीय क्षण चुनावी माहौल में नेताओं की छवि को आम जनता के करीब लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कौन हैं विक्रम साव?
इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में रहे विक्रम साव अब चर्चा का विषय बन चुके हैं। वे मूल रूप से गया के रहने वाले हैं और रोज़गार के लिए झारग्राम में झालमुड़ी की दुकान चलाते हैं। विक्रम साव का कहना है कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि देश के प्रधानमंत्री उनकी छोटी सी दुकान पर आए और उनके हाथ की बनी झालमुड़ी खाई। उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा और यादगार पल बताया।
चुनावी रणनीति या मानवीय जुड़ाव?
जहां एक ओर विपक्ष इसे चुनावी रणनीति के रूप में देख रहा है, वहीं आम जनता के लिए यह एक ऐसा पल बन गया है जिसने राजनीति के औपचारिक चेहरे के पीछे छिपे एक सरल व्यक्तित्व को सामने लाया है। बहरहाल, बंगाल चुनाव के बीच यह ‘झालमुड़ी ब्रेक’ सिर्फ एक छोटा सा पड़ाव नहीं, बल्कि एक बड़ा संदेश बन गया है—कि राजनीति के बीच भी आम लोगों से जुड़ाव ही सबसे बड़ी ताकत है।