बांग्लादेश के चटगांव विश्वविद्यालय के कन्फ्यूशियस संस्थान का उद्घाटन समारोह हाल ही में
राजधानी ढाका में आयोजित किया गया। इस संस्थान की स्थापना चीन के युन्नान मिनजू
विश्वविद्यालय और बांग्लादेश के चटगांव विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से की है। यह बांग्लादेश
का चौथा कन्फ्यूशियस संस्थान है और देश के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में स्थापित होने वाला पहला
कन्फ्यूशियस संस्थान भी है।
इस मौके पर युन्नान प्रांतीय पार्टी समिति की स्थायी समिति के सदस्य चाओ चुनमिन ने कहा कि
युन्नान प्रांत कन्फ्यूशियस संस्थानों के निर्माण का समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अधिक से
अधिक युन्नान विश्वविद्यालयों को बांग्लादेश के विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी स्थापित करने
के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत व्यावसायिक शिक्षा, स्थानीय शिक्षकों के प्रशिक्षण
और युवा आदान-प्रदान समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युन्नान अधिक
बांग्लादेशी युवाओं का अध्ययन और शोध के लिए प्रांत में आने का स्वागत करता है।
वहीं, बांग्लादेश में चीन के राजदूत याओ वन ने कहा कि चटगांव चीन और बांग्लादेश के बीच संयुक्त
रूप से ‘बेल्ट एंड रोड’ के निर्माण का एक प्रमुख क्षेत्र और आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग का
महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि चटगांव विश्वविद्यालय का कन्फ्यूशियस संस्थान चटगांव और
बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के युवाओं को चीन को समझने और विकास के अवसरों से जुड़ने के
लिए एक मंच प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह संस्थान चीन-बांग्लादेश के बीच भाषा
और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक नया सेतु बनेगा।
इसी क्रम में, बांग्लादेश विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सदस्य अब्दुल्ला मामून ने कहा कि
चटगांव विश्वविद्यालय का कन्फ्यूशियस संस्थान बांग्लादेश-चीन भाषा शिक्षा, शैक्षणिक आदान-
प्रदान और वैज्ञानिक अनुसंधान सहयोग के लिए एक नया मंच तैयार करेगा। इससे बांग्लादेश की
उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश चीन और चीनी
विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग को और मजबूत करना चाहता है, ताकि युवाओं के लिए अध्ययन,
रोजगार और अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान के अवसर बढ़ाए जा सकें।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में इससे पहले तीन कन्फ्यूशियस संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं।
इनमें नॉर्थ साउथ विश्वविद्यालय कन्फ्यूशियस संस्थान, ढाका विश्वविद्यालय कन्फ्यूशियस
संस्थान और राजशाही विश्वविद्यालय कन्फ्यूशियस संस्थान शामिल हैं। चटगांव विश्वविद्यालय
कन्फ्यूशियस संस्थान की स्थापना को अक्टूबर 2025 में चीन अंतरराष्ट्रीय चीनी भाषा शिक्षा
फाउंडेशन ने मंजूरी दी थी। इसके बाद नवंबर 2025 में युन्नान मिनजू विश्वविद्यालय और चटगांव
विश्वविद्यालय ने औपचारिक रूप से सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)