28 सितंबर को 2026 विश्व डिज़ाइन शहर सम्मेलन (WDCC2026) चीन के शांगहाई शहर में
उद्घाटित हुआ। सम्मेलन का आयोजन शांगहाई नगर सरकार और यूनेस्को ने संयुक्त रूप से
किया, जबकि चाइना मीडिया ग्रुप (CMG) के शांगहाई मुख्यालय समेत कई इकाइयों ने इसका
संचालन किया।
शांगहाई नगर पार्टी समिति के उप सचिव और कार्यवाहक महापौर चू चोंगमिंग तथा CMG के उप
महानिदेशक छी चूछ्वान ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया और भाषण दिए। यूनेस्को की
संस्कृति सहायक महानिदेशक नायफ अल-फैयाज ने वीडियो संदेश के जरिए अपनी शुभकामनाएं
दीं। समारोह में शांगहाई नगर पार्टी समिति की स्थायी समिति के सदस्य और उप महापौर छन
च्ये, थोंगची विश्वविद्यालय की पार्टी समिति के सचिव चेंग छिंगहुआ समेत अन्य अतिथि भी
मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में चू चोंगमिंग ने कहा कि शांगहाई इस समय विश्व प्रभाव वाला समाजवादी
आधुनिक अंतरराष्ट्रीय महानगर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर
को विश्व स्तरीय डिज़ाइन शहर बनाने के लक्ष्य के तहत विश्व डिज़ाइन शहर सम्मेलन जैसे उच्च
स्तरीय मंचों की भूमिका को और बेहतर ढंग से निभाना चाहिए। इसके साथ ही, डिज़ाइन उद्योग
के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देना, संस्कृति के जरिए डिज़ाइन ब्रांड को मजबूत करना,
प्रौद्योगिकी के जरिए डिज़ाइन उद्योग को सशक्त बनाना और खुलेपन के जरिए वैश्विक
डिज़ाइन संसाधनों को आकर्षित करना जरूरी है। इससे शांगहाई की डिज़ाइन शहर के रूप में
पहचान, प्रतिस्पर्धात्मकता और प्रभाव बढ़ेगा और शहर के आधुनिकीकरण को नई गति मिलेगी।
वहीं, छी चूछ्वान ने कहा कि CMG की स्थापना के बाद से वह विचार+कला+प्रौद्योगिकी के
एकीकृत प्रसारण की अवधारणा पर कायम रहा है। रचनात्मकता के जरिए लगातार नए प्रयोग
करते हुए CMG ने शहर के डिज़ाइन के प्रचार और उद्योग जगत में डिज़ाइन के व्यावहारिक
इस्तेमाल को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में CMG अपने
सर्व-मीडिया प्रसारण के फायदों का इस्तेमाल करते हुए समाचार रिपोर्टिंग, ब्रांड गतिविधियों,
तकनीकी नवाचार परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय प्रसारण मंचों के जरिए शांगहाई को डिज़ाइन
शहर के रूप में विकसित करने में सहयोग करेगा और दुनिया के सामने शांगहाई की कहानी को
बेहतर ढंग से पेश करेगा।
इस वर्ष के सम्मेलन का विषय डिज़ाइन की कोई सीमा नहीं, गुणवत्ता और बुद्धिमत्ता का सृजन
है। इसका उद्देश्य विषयों, उद्योगों और देशों की सीमाओं से आगे बढ़कर नवाचार को बढ़ावा देना
तथा कला और प्रौद्योगिकी के जरिए लोगों के गुणवत्तापूर्ण जीवन को नई गति देना है।
सम्मेलन का मुख्य आयोजन 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पांच प्रमुख डिज़ाइन क्षेत्रों को
लेकर कई फोरम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, 50 से अधिक पूर्ण-प्रक्रिया संयुक्त
गतिविधियां भी समानांतर रूप से आयोजित की जाएंगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)