चीन के चच्यांग (झेजियांग) प्रांत का यीवू आज दुनिया के सबसे बड़े लघु वस्तु व्यापार केंद्रों में गिना जाता है। कभी सीमित संसाधनों और प्रशासनिक बाधाओं से जूझने वाला यह शहर अब वैश्विक व्यापार और ई-कॉमर्स का प्रमुख केंद्र बन चुका है। हाल ही में यीवू से शंघाई तक पहला सीमापार ई-कॉमर्स एक्सप्रेस चैनल शुरू किया गया है, जिससे यहां तैयार होने वाले उत्पाद कस्टम जांच के बाद सीधे शंघाई के फूतोंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों तक भेजे जा सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम चीन की निर्यात क्षमता को और मजबूत करेगा।
230 से अधिक देशों के साथ व्यापारिक नेटवर्क ने यीवू को वैश्विक बाजार का अहम केंद्र बना दिया
वर्तमान समय में यीवू का व्यापारिक नेटवर्क 230 से अधिक देशों और क्षेत्रों तक फैल चुका है। छोटे और मध्यम कारोबारियों के लिए यह शहर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। आधुनिक लॉजिस्टिक्स, तेज कस्टम प्रक्रिया और डिजिटल व्यापार व्यवस्था के कारण यहां से दुनिया भर में सामान भेजना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है। इसी वजह से इसे “विश्व सुपरमार्केट” के नाम से भी जाना जाता है।
प्रशासनिक सुधारों और नई नीतियों ने शहर के विकास को दी नई रफ्तार
करीब दो दशक पहले तक यीवू में विदेशी व्यापार करना आसान नहीं था। इसके बाद व्यापक अध्ययन के आधार पर वर्ष 2006 में चच्यांग प्रांतीय सरकार ने शहर को 400 से अधिक प्रशासनिक अधिकार सौंपे। इस फैसले ने व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया और स्थानीय बाजार की क्षमता को नई ऊर्जा दी। आगे चलकर 2011 में यीवू को अंतरराष्ट्रीय व्यापार सुधारों के लिए राष्ट्रीय पायलट ज़ोन घोषित किया गया, जिससे लाखों उत्पादों के निर्यात का रास्ता आसान हुआ और वैश्विक खरीदारों तथा स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ। उसी वर्ष शहर का विदेशी व्यापार निर्यात 1 खरब 40 अरब युआन तक पहुंच गया, जो वर्ष 2010 की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक था।
बेल्ट एंड रोड पहल और आधुनिक परिवहन नेटवर्क ने बढ़ाई वैश्विक पहुंच
बेल्ट एंड रोड पहल के तहत यीवू को अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ मिला। चीनी रेलवे एक्सप्रेस के जरिए यीवू और स्पेन के मैड्रिड के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ, जबकि निंगपोचोशान बंदरगाह से समुद्री व्यापार को भी मजबूती मिली। इसके साथ ही सड़क, रेल, हवाई और डाक सेवाओं को जोड़कर एक आधुनिक मल्टी-मॉडल परिवहन नेटवर्क तैयार किया गया, जिसने शहर को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा बना दिया।
2026 की पहली छमाही में आयात-निर्यात ने बनाया नया रिकॉर्ड, निर्यात पहली बार 400 अरब युआन के पार
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली छमाही में यीवू का कुल आयात-निर्यात 4 खरब 86 अरब 42 करोड़ युआन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 19.9 प्रतिशत अधिक है। वहीं, निर्यात 4 खरब 20 अरब 72 करोड़ युआन रहा और पहली बार किसी वर्ष की पहली छमाही में 400 अरब युआन का आंकड़ा पार कर गया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यीवू अब केवल चीन ही नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार और ई-कॉमर्स का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।





