विश्व इंटरनेट सम्मेलन वुजेन शिखर सम्मेलन 2026: वैश्विक डिजिटल सहयोग का नया अध्याय

पूर्वी चीन के चच्यांग प्रांत के ऐतिहासिक जल-नगर वुजेन में 3 नवंबर को 2026 विश्व इंटरनेट
सम्मेलन (WIC) का वार्षिक शिखर सम्मेलन शुरू हो गया है। पांच दिवसीय यह प्रमुख वैश्विक
डिजिटल मंच 2 से 5 नवंबर तक चलेगा, जिसका विषय "ओपन सोर्स और खुलापन: सह-निर्माण और
साझाकरण—साइबर स्पेस में साझा भविष्य वाला समुदाय बनाने के लिए मिलकर काम करना" है।
इस वर्ष का सम्मेलन ओपन-सोर्स कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और AI विकास व शासन में अंतर्राष्ट्रीय
सहयोग को केंद्र में रखेगा, जो तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था में समावेशिता और साझा समृद्धि
की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सम्मेलन में "विश्व इंटरनेट सम्मेलन प्रतिष्ठित योगदान पुरस्कार" भी प्रदान किया जाएगा। इसके
बाद मुख्य मंच सत्र आयोजित होंगे, जिनमें "AI वुजेन संवाद" एक प्रमुख आकर्षण होगा। इस संवाद में
अग्रणी तकनीकी कंपनियों के अधिकारी और ओपन-सोर्स बड़े मॉडल के डेवलपर्स एक वैश्विक ओपन-
सोर्स AI पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में कुल 27 उप-मंच आयोजित किए
जाएंगे, जो AI एजेंट्स के बीच विश्वास, कनेक्टिविटी और इंटरऑपरेबिलिटी, रोबोटिक्स, एम्बॉडिड AI,
स्पेटियो-टेम्पोरल इंटेलिजेंस, वैश्विक शासन पहल के तहत साइबर स्पेस सहयोग और डिजिटल-
इंटेलिजेंट प्रौद्योगिकी के माध्यम से हरित विकास जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे।
सम्मेलन के आयोजकों के अनुसार, 460 से अधिक चीनी और विदेशी कंपनियां इस प्रत्यक्ष प्रदर्शनी में
हिस्सा ले रही हैं। इसमें 1,000 से अधिक तकनीकी उपलब्धियों को प्रदर्शित किए जाने या पेश किए
जाने की उम्मीद है। इस प्रदर्शनी में कंप्यूटिंग सिस्टम, AI मॉडल, इंटेलिजेंट एजेंट और औद्योगिक
अनुप्रयोग शामिल हैं। इसके छह मुख्य विषय हैं, जो संचार अवसंरचना, कंप्यूटिंग क्षमताएं, विनिर्माण,
रोजमर्रा की सेवाएं और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।

सम्मेलन के साथ आयोजित होने वाली ‘लाइट ऑफ इंटरनेट एक्सपो’ (Light of Internet Expo) भी
विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें 54 देशों और क्षेत्रों की 670 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा, ‘स्ट्रेट टू वुझेन’वैश्विक इंटरनेट प्रतियोगिता के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य, स्मार्ट
मोबिलिटी, स्मार्ट डिवाइस, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और नई उपभोग सेवाओं से जुड़े नवाचारों को मंच
प्रदान किया जाएगा।

विश्व इंटरनेट सम्मेलन की स्थापना 2014 में वुजेन शिखर सम्मेलन के रूप में हुई थी और 2022 में
इसे बीजिंग में मुख्यालय वाले एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन के रूप में औपचारिक रूप दिया गया। पिछले
एक दशक में, यह सम्मेलन "साइबर स्पेस में साझा भविष्य वाले समुदाय" के निर्माण के अपने मूल
विषय पर कायम रहा है, जबकि हर साल उभरती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप अपने एजेंडे को

अद्यतन करता रहा है। 2026 का शिखर सम्मेलन इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए, डिजिटल विभाजन
को पाटने और एक अधिक न्यायसंगत वैश्विक डिजिटल शासन प्रणाली के निर्माण की दिशा में एक
ठोस कदम है। जैसा कि एक अफ्रीकी मीडिया रिपोर्ट ने उल्लेख किया है, वुजेन से आने वाला यह
निमंत्रण उन देशों के लिए सही समय पर है जो डिजिटल संप्रभुता और नवाचार का लक्ष्य रखते हैं,
क्योंकि यह साबित करता है कि एक साधारण लैपटॉप वाला युवा प्रोग्रामर भी वैश्विक कोडबेस में
योगदान दे सकता है।

कुल मिलाकर, वुझेन में आयोजित यह सम्मेलन डिजिटल युग की चुनौतियों और संभावनाओं पर
वैश्विक संवाद का एक महत्वपूर्ण अवसर है। आने वाले वर्षों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इंटरनेट किस
दिशा में आगे बढ़ेंगे, इसमें खुलेपन, सहयोग, नवाचार और साझा भागीदारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहने
वाली है। जैसे-जैसे AI और डिजिटल प्रौद्योगिकियां हमारे जीवन के हर पहलू को नया आकार दे रही हैं,
वुजेन में एक साथ आए नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और शिक्षाविदों की आवाज़ें एक
स्पष्ट संदेश देती हैं: डिजिटल भविष्य का निर्माण अलग-थलग पड़े प्रयासों से नहीं, बल्कि खुले सहयोग
और साझा जिम्मेदारी से होगा। 2026 का शिखर सम्मेलन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर
साबित हो सकता है, जो एक अधिक समावेशी, सुरक्षित और समृद्ध साइबर स्पेस की नींव रखता है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) (लेखक- देवेंद्र सिंह)

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Exit mobile version