पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव के दौर में दिखाई दे रही है। विधानसभा चुनावों में पराजय के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जिस तरह असंतोष और बगावत की आवाजें सामने आ रही हैं, उसने न केवल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चिंता बढ़ा दी है बल्कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए भी नए राजनीतिक अवसर पैदा कर दिए हैं।
- ममता बनर्जी के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती
- लोकसभा से विधानसभा तक बढ़ता असंतोष
- बागी सांसदों के दावों ने बढ़ाई टीएमसी की मुश्किलें
- बीजेपी को क्यों दिख रही नई राजनीतिक संभावना
- 2029 और बंगाल 2031 की राजनीति पर असर
हाल के दिनों में टीएमसी के भीतर दो समानांतर संकट उभरकर सामने आए हैं। पहला संकट पश्चिम बंगाल विधानसभा में बागी विधायकों के अलग समूह को लेकर है, जबकि दूसरा लोकसभा में पार्टी सांसदों की कथित नाराजगी से जुड़ा हुआ है। इन घटनाक्रमों ने बंगाल की राजनीति को एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है।
लोकसभा में बगावत
टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार के उस दावे ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके साथ करीब 20 सांसद हैं और उन्होंने लोकसभा में अलग बैठने की मांग की । इससे यह संकेत जरूर मिला है कि पार्टी के भीतर असंतोष की भावना मौजूद है। दूसरी ओर टीएमसी नेतृत्व ने इन दावों को खारिज करते हुए बागी नेताओं पर बीजेपी के संपर्क में होने के आरोप लगाए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी ने खुलकर कहा कि कुछ सांसद बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं और पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। यदि वास्तव में बड़ी संख्या में सांसद असंतुष्ट हैं, तो यह केवल संगठनात्मक संकट नहीं बल्कि ममता बनर्जी के नेतृत्व के लिए भी गंभीर चुनौती साबित हो सकता है।
विधानसभा में भी बढ़ी परेशानी
लोकसभा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी टीएमसी को झटका लगा है। बागी विधायकों के एक समूह ने अलग राजनीतिक पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में नए चेहरे का उभरना इस बात का संकेत है कि पार्टी के अंदरूनी मतभेद अब सार्वजनिक रूप लेने लगे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी क्षेत्रीय दल के लिए विधायकों और सांसदों का एक साथ असंतुष्ट होना नेतृत्व के लिए खतरे की घंटी माना जाता है।
बीजेपी को कैसे मिल सकता है फायदा?
टीएमसी के अंदर पैदा हुआ यह संकट बीजेपी के लिए कई मायनों में लाभकारी साबित हो सकता है। पहला, बंगाल में लंबे समय से बीजेपी खुद को टीएमसी के विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है। यदि टीएमसी मजोर होती है तो स्वाभाविक रूप से उसका वोट बैंक विभाजित हो सकता है। दूसरा, पार्टी के असंतुष्ट नेताओं का समर्थन बीजेपी को संगठनात्मक मजबूती दे सकता है। बंगाल में बीजेपी पिछले कुछ वर्षों में मजबूत विपक्ष के रूप में उभरी है, लेकिन सत्ता तक पहुंचने के लिए उसे स्थानीय प्रभावशाली नेताओं और जनाधार की जरूरत है। तीसरा, लोकसभा में यदि टीएमसी का प्रभाव कम होता है तो केंद्र सरकार को कई संसदीय मुद्दों पर राजनीतिक राहत मिल सकती है। टीएमसी विपक्षी गठबंधन के प्रमुख दलों में शामिल रही है और संसद में सरकार के खिलाफ मुखर भूमिका निभाती रही है।
दोहराया महाराष्ट्र मॉडल?
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या बंगाल में महाराष्ट्र जैसा राजनीतिक परिदृश्य बन सकता है। महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर हुई टूट ने राज्य की राजनीति की दिशा ही बदल दी थी। बागी गुटों को बाद में चुनाव आयोग और विधानसभा में महत्वपूर्ण मान्यता भी मिली। हालांकि बंगाल की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन यदि बड़ी संख्या में सांसद या विधायक अलग रुख अपनाते हैं तो टीएमसी के सामने वैसा ही संकट खड़ा हो सकता है।
ममता बनर्जी की अगली रणनीति क्या होगी?
ममता बनर्जी की सबसे बड़ी ताकत उनका व्यक्तिगत जनाधार और संगठन पर मजबूत पकड़ रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व असंतुष्ट नेताओं को मनाने और संगठन को फिर से एकजुट करने की कोशिश करेगा। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार टीएमसी को अब दो मोर्चों पर लड़ाई लड़नी होगी। एक तरफ पार्टी के भीतर असंतोष को नियंत्रित करना होगा, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के बढ़ते प्रभाव को भी रोकना होगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीएमसी के भीतर असंतोष केवल दबाव बनाने की रणनीति है या वास्तव में पार्टी किसी बड़े विभाजन की ओर बढ़ रही है। यदि बागी नेताओं के दावे सही साबित होते हैं तो इसका असर केवल बंगाल तक सीमित नहीं रहेगा। इसका प्रभाव राष्ट्रीय राजनीति, विपक्षी एकजुटता और आगामी लोकसभा चुनावों तक दिखाई दे सकता है।
बंगाल की राजनीति हमेशा से अप्रत्याशित रही है। लेकिन मौजूदा घटनाक्रम यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले महीनों में राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। टीएमसी के लिए यह अस्तित्व और एकजुटता की परीक्षा है, जबकि बीजेपी इसे अपने विस्तार के नए अवसर के रूप में देख रही है।





