टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने क्रिकेट भविष्य और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा बयान दिया है। आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने साफ कहा है कि अगर टीम में उनकी अहमियत महसूस नहीं की जाएगी तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे।
पहले दिन बता दीजिए मेरी ज़रूरत नहीं”
विराट कोहली ने भविष्य और वर्ल्ड कप पर रखी खुली राय
- 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं कोहली
- अहमियत नहीं तो टीम में नहीं रहूंगा
- गौतम गंभीर के बयान के बीच चर्चा तेज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कोहली ने कहा कि वह चीजों को जटिल नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा, “अगर मुझे बार-बार अपनी अहमियत साबित करनी पड़े, तो मैं उस माहौल में नहीं रहना चाहूंगा। बेहतर है पहले दिन ही बता दिया जाए कि मेरी ज़रूरत नहीं है।”
कोहली ने साफ किया कि वह अब भी क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह फिट और तैयार हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस और अनुशासन उनकी जिंदगी का हिस्सा है, सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं। 2027 वर्ल्ड कप खेलने के सवाल पर उन्होंने सकारात्मक संकेत दिए और कहा कि अगर टीम को उनकी जरूरत होगी तो वह जरूर खेलना चाहेंगे। विराट ने कहा, “अगर मैं खेल रहा हूं तो जाहिर है मैं आगे भी खेलना चाहता हूं। भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना हमेशा खास होता है। लेकिन अहमियत दोनों तरफ से होनी चाहिए।”
गौरतलब है कि कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 2024 में टी20 इंटरनेशनल और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बावजूद उनकी बल्लेबाजी में अब भी वही धार दिखाई दे रही है। आईपीएल 2026 में कोहली शानदार फॉर्म में हैं और 12 मैचों में 53.77 की औसत से 484 रन बना चुके हैं। वह इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं और ऑरेंज कैप की रेस में भी बने हुए हैं।
कोहली की टीम Royal Challengers Bengaluru अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। उनकी लगातार शानदार बल्लेबाजी ने यह साबित किया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और बड़े मैचों में अब भी वह टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हैं। इस बीच टीम इंडिया के मुख्य कोच Gautam Gambhir ने हाल ही में कहा था कि 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी आईपीएल 2026 के बाद शुरू होगी और टीम कॉम्बिनेशन पर गंभीरता से काम किया जाएगा। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था।
गंभीर ने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जो वहां बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इसी बयान के बाद कोहली के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि विराट कोहली ने अपने ताजा बयान से यह साफ कर दिया है कि वह अभी क्रिकेट से दूर जाने के मूड में नहीं हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट संकेत दिया कि वह सिर्फ नाम के लिए टीम का हिस्सा नहीं बने रहना चाहते।
अब माना जा रहा है कि कोहली अगली बार इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली वनडे सीरीज में भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं। वहीं क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि 2027 वर्ल्ड कप में भी “किंग कोहली” का जलवा देखने को मिलेगा