PM मोदी का मध्यप्रदेश को विकास का संदेश, 2047 के विकसित भारत में निभाएगा अहम भूमिका

pm Modi message of development for Madhya Pradesh play a key role Viksit Bharat

भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में मध्यप्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और विकास की तेज होती रफ्तार की सराहना की। साथ ही किसान कल्याण, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन, अधोसंरचना, जनजातीय उत्थान और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विरासत और विकास का संगम

प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश को भारत का हृदय स्थल बताते हुए यहां की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक चेतना और मेहनतकश लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा और कैलाश जोशी जैसी विभूतियों के योगदान को याद किया। राजा भोज, देवी अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और टंट्या मामा के ऐतिहासिक योगदान को प्रदेश की प्रेरक विरासत बताया।

किसान कल्याण को विकास का आधार

प्रधानमंत्री ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने की पहल की सराहना की। पत्र में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत एक करोड़ से अधिक किसानों को 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 24 हजार करोड़ रुपये और भावांतर योजना से सात लाख से अधिक सोयाबीन किसानों को 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता का उल्लेख किया।

सिंचाई और अधोसंरचना को रफ्तार

केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक की इस परियोजना से लगभग 11 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई और 45 लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद जताई। भोपाल-इंदौर मेट्रो, राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रामीण सड़कों के विस्तार को भी विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

गरीब कल्याण से रोजगार तक

पीएम आवास और पीएम जनमन के माध्यम से 50 लाख से अधिक घरों के निर्माण तथा आयुष्मान भारत से साढ़े चार करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने का उल्लेख किया। धार के पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क में 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता को रोजगार सृजन के लिहाज से अहम बताया। कूनो और गांधीसागर में चीता पुनर्स्थापना के प्रयासों की भी सराहना की।

मोहन यादव ने जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश की विरासत और विकास यात्रा के प्रति उनका आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, जनजातीय उत्थान और अधोसंरचना विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी।प्रधानमंत्री का यह पत्र स्थापना दिवस पर मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक गौरव और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के बीच मजबूत संबंध को रेखांकित करता है।

Exit mobile version