अजीत अगरकर के बाद कौन बनेगा टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर?

भारतीय क्रिकेट टीम के अगले चीफ सेलेक्टर को लेकर चर्चा तेज है। मौजूदा चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर 2026 को खत्म होने जा रहा है। अगरकर पहले ही बीसीसीआई को बता चुके हैं कि वह आगे नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं लेना चाहते। अब नए चीफ सेलेक्टर के नाम पर फैसला उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद ही लिया जाएगा। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि 4 अक्टूबर तक नए चयनकर्ता को लेकर फैसला करने के लिए बोर्ड के पास पर्याप्त समय है। उन्होंने कहा कि पद खाली होने के बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा और फैसला होने पर इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में चेतन शर्मा की जगह चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। वहीं, भारत ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला। 2027 वर्ल्ड कप से पहले नई जिम्मेदारी नए चीफ सेलेक्टर के सामने सबसे अहम चुनौती 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी होगी। इसके बाद 2028 टी20 वर्ल्ड कप और लॉस एंजेलिस ओलंपिक्स जैसे बड़े टूर्नामेंट भी आने हैं। ऐसे में नए चयनकर्ता की भूमिका टीम संयोजन और भविष्य की रणनीति में महत्वपूर्ण होगी।

Exit mobile version