चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं केंद्रीय समिति का पांचवां पूर्ण सत्र 26 से 29 अक्टूबर
तक पेइचिंग में आयोजित किया जा रहा है। इस बीच, रूसी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के
उपाध्यक्ष और रूस की संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा की अंतर्राष्ट्रीय मामलों की समिति के
प्रथम उपाध्यक्ष दिमित्री नोविकोव ने चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ को दिए एक विशेष साक्षात्कार
में कहा कि पार्टी में व्यापक और सख्त अनुशासन बनाए रखना, सीपीसी की जीवंतता और मजबूती
की कुंजी है। उन्होंने कहा कि इसका महत्व केवल चीन के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया
के दूसरे देशों की पार्टियां भी इससे सीख ले सकती हैं।
नोविकोव ने पार्टी अनुशासन की अहमियत समझाने के लिए शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली का उदाहरण
दिया। उन्होंने कहा कि एक सफल पार्टी के पास भी मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली होनी चाहिए, जो
कमजोरियों और गलत प्रवृत्तियों की समय रहते पहचान करे और उन्हें दूर करने के लिए प्रभावी
कदम उठाए। उन्होंने कहा, इतिहास ने साबित किया है कि इस तरह की रक्षा व्यवस्था वाली पार्टी
सबसे कठिन दौर में भी अपना अस्तित्व बनाए रख सकती है।
इसके साथ ही, नोविकोव ने कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी परंपरा और आधुनिकीकरण के साथ-
साथ कार्यक्षमता और स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखती है। वह इस बात को अच्छी तरह
समझती है कि विकास के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कड़े आत्म-अनुशासन और
प्रभावी निगरानी को बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की खासियत यह है कि वह अपनी कमियों को पहचानती है,
समस्याओं का सामना करती है और उन्हें दूर करने का साहस रखती है। नोविकोव के मुताबिक, यह
केवल एक विचार नहीं, बल्कि सीपीसी के कामकाज का अहम सिद्धांत है, जिसका लगातार पालन
किया जाता है। उन्होंने कहा कि सख्त अनुशासन वाली पार्टी ही लोगों का नेतृत्व करते हुए एक
मजबूत और तेजी से विकास करने वाले देश के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती है।
नोविकोव ने यह भी कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी में व्यापक और सख्त अनुशासन लागू करने का
अनुभव ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी की सभी गतिविधियों का मूल
उद्देश्य जनता की सेवा करना होना चाहिए, न कि सत्ता का इस्तेमाल निजी फायदे या संकीर्ण
स्थानीय हितों को पूरा करने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रूसी कम्युनिस्ट पार्टी
भी सीपीसी के संगठन निर्माण और पार्टी प्रबंधन से जुड़े अनुभवों का अध्ययन करती रही है। उनके
अनुसार, नौकरशाही जैसी प्रवृत्तियों के खिलाफ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का सख्त रुख दूसरी देशों की
राजनीतिक पार्टियों के लिए भी सीखने योग्य है।
साक्षात्कार के अंत में नोविकोव ने कहा कि पार्टी में सख्त अनुशासन को लगातार मजबूत करने और
जनता की निगरानी को खुले तौर पर स्वीकार करने से सीपीसी लोगों का विश्वास बनाए रखने में
सक्षम होती है। उनके मुताबिक, इससे पार्टी की जीवंतता बनी रहती है और देश के निरंतर विकास
तथा आर्थिक प्रगति को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)