मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार और नालासोपारा में लगातार दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी वर्षा के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे सड़कें पानी में डूब गई हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश
- जलभराव से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
- पालघर में सभी स्कूलों की छुट्टी
- IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी
स्थिति की गंभीरता और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पालघर जिला कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।
नालासोपारा पूर्व के गाला नगर समेत कई इलाकों में रातभर हुई बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई स्थानों पर ऑटो रिक्शा और छोटे वाहन मुश्किल से गुजर रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहनों की आवाजाही कई इलाकों में पूरी तरह ठप हो गई है। नौकरीपेशा लोगों को जलभराव के बीच दफ्तर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट, जबकि ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने पूरे दिन भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा है और निचले इलाकों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के चलते स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।