एक घर…जहां रिश्तों की खुशियां बसती थीं। एक पति…जिसके साथ सात जन्मों का रिश्ता जुड़ा था। लेकिन उसी घर की चारदीवारी के भीतर ऐसी खूनी साजिश रची गई, जिसने रिश्तों को लहूलुहान कर दिया। पत्नी से नाराजगी इतनी बढ़ी कि आरोपी ने सिर्फ उसे ही नहीं, बल्कि उसके पूरे मायके को खत्म करने का कथित फैसला कर लिया। एक-एक करके सात लोगों को घर बुलाया, भारी पत्थर की ओखली से सिर कुचला और फिर लाशों को सुनसान पहाड़ियों में फेंकता चला गया। हर हत्या के बाद घर की सफाई करता रहा, ताकि खून के निशान मिट जाएं और किसी को भनक तक न लगे। लेकिन एक महिला की गुमशुदगी ने इस खूनी खेल का पर्दाफाश कर दिया। बेंगलुरु की इस वारदात ने इंसानी रिश्तों और हिंसा की भयावह तस्वीर सामने रख दी है।
सात लोगों की हत्या का आरोप
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सात हत्याओं के इस मामले ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी, सास, दो सालों, उनकी पत्नियों और सात साल के एक बच्चे की हत्या की। मृतकों में पत्नी सुनीता, सास रूपावती, सात साल का पुनीत, शंकर, शिवकुमार, नलिनी और दिव्या शामिल हैं। आरोपी और सुनीता की शादी को करीब 20 साल हो चुके थे।
15 से 20 दिन तक खूनी खेल
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को एक-दो दिन में नहीं, बल्कि 15 से 20 दिनों के भीतर अंजाम दिया। वह परिवार के सदस्यों को एक-एक करके श्रीरामपुरा स्थित अपने किराए के मकान में बुलाता था। किसी को बातचीत के बहाने, तो किसी को शराब पीने के बहाने घर बुलाया गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद भारी पत्थर की ओखली से उनके सिर पर वार किया जाता था। हत्या के बाद शव को कार में रखकर सुनसान पहाड़ी इलाकों में ले जाया जाता और वहां ठिकाने लगा दिया जाता था।
कत्ल का कथित तरीका
घर बुलाकर हत्या
पत्थर की ओखली से हमला
कार में शव ले जाकर ठिकाने लगाए
घर की सफाई कर सबूत मिटाने की कोशिश
पत्नी से नफरत बनी विवाद की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद इस हत्याकांड की वजह बताया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, इंदुशेखर को अपनी पत्नी का मायके वालों से करीबी रिश्ता पसंद नहीं था। जब भी ससुराल के लोग पत्नी का पक्ष लेते, तो वह नाराज हो जाता था। इसी विवाद ने कथित तौर पर इतनी खतरनाक शक्ल ले ली कि उसने पूरे परिवार को निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि उसने सबसे पहले पत्नी सुनीता की हत्या की। जब रिश्तेदारों ने उसके बारे में पूछा, तो उसने दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर उन्हें गुमराह किया।
एक गुमशुदगी ने खोला कत्ल का राज
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी अचानक लापता हो गई। उसकी मां ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की और शक की सुई इंदुशेखर की ओर घूम गई। पूछताछ में आरोपी के बयान बदलने से पुलिस का संदेह गहराता गया। घर की तलाशी के दौरान सफाई के बावजूद खून के निशान मिलने की बात सामने आई।
नंदी हिल्स में मिला मासूम का शव
पुलिस की पूछताछ के बाद सात हत्याओं की बात सामने आने का दावा किया गया। आरोपी के बताए ठिकाने पर पुलिस चिक्काबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स पहुंची। वहां झाड़ियों में सात साल के मासूम पुनीत का शव बरामद किया गया। पुलिस बाकी छह शवों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में हत्या और सबूत मिटाने सहित अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
जिस घर में रिश्तों को पनपना था, उसी घर को कथित तौर पर कत्लगाह बना दिया गया। 20 साल का वैवाहिक रिश्ता, ससुराल से नाराजगी और फिर सात जिंदगियों का खौफनाक अंत। इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पारिवारिक विवाद आखिर किस मोड़ पर पहुंचा कि सात लोगों की जान चली गई? फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और इस खूनी साजिश की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।