Premanand Maharaj के स्वास्थ्य को लेकर पिछले दो हफ्तों से चिंतित श्रद्धालुओं के बीच बुधवार सुबह नई हलचल देखने को मिली। स्वास्थ्य कारणों से उनकी पदयात्रा, एकांतिक वार्ता और विशेष दर्शन कार्यक्रमों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद भक्त लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने में जुटे थे। इसी बीच बुधवार तड़के संत प्रेमानंद अचानक भक्तों को दर्शन देने निकले, जिसके बाद एक बार फिर आश्रम और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
स्वास्थ्य कारणों से बंद किए गए थे सभी सार्वजनिक कार्यक्रम
श्रीराधा केलिकुंज आश्रम प्रबंधन ने 17 मई को आधिकारिक सूचना जारी कर बताया था कि संत प्रेमानंद के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनकी पदयात्रा, एकांतिक वार्ता और निजी दर्शन कार्यक्रम अगले आदेश तक स्थगित किए जा रहे हैं। इस फैसले के बाद देशभर में फैले उनके अनुयायियों के बीच चिंता बढ़ गई थी। कई श्रद्धालु लगातार आश्रम पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे थे।
आश्रम ने गर्मी में श्रद्धालुओं से न आने की भी अपील की
भीषण गर्मी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए आश्रम प्रबंधन ने कुछ दिन पहले श्रद्धालुओं से फिलहाल आश्रम न आने का अनुरोध किया था। प्रबंधन का कहना था कि मौसम और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए भक्त घरों से ही प्रार्थना करें। इसके बावजूद आश्रम के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हुई और लोग दूर-दूर से संत प्रेमानंद के दर्शन की उम्मीद लेकर पहुंचते रहे।
बुधवार सुबह अचानक दर्शन देने पहुंचे संत प्रेमानंद
बुधवार सुबह करीब तीन बजे जब संत प्रेमानंद भक्तों को दर्शन देने के लिए निकले तो रमणरेती क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। बताया जा रहा है कि वे कार से राधाटीला मोड़ तक पहुंचे और वहां से पैदल चलते हुए श्रीराधा केलिकुंज आश्रम की ओर गए। सड़क के दोनों ओर हजारों श्रद्धालु खड़े होकर उनके दर्शन कर रहे थे। लंबे समय बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से देखकर भक्त भावुक हो उठे।
सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो ने बढ़ाया भ्रम
आश्रम के आधिकारिक इंटरनेट प्लेटफॉर्म “भक्तिमार्ग” पर एक ओर पदयात्रा पुराने मार्ग पर शुरू होने की जानकारी दी गई, वहीं दूसरी ओर कुछ वीडियो में संत प्रेमानंद के एकांतवास में जाने की बात भी कही गई। इसी वजह से श्रद्धालुओं के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है। लोग यह समझ नहीं पा रहे कि नियमित पदयात्रा और एकांतिक दर्शन दोबारा शुरू हो रहे हैं या यह सिर्फ सीमित दर्शन व्यवस्था थी।
भक्तों की आस्था बरकरार, स्वास्थ्य को लेकर दुआओं का दौर जारी
संत प्रेमानंद के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। देशभर से लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आश्रम के बाहर और सोशल मीडिया पर भक्त लगातार उनके लिए प्रार्थना संदेश साझा कर रहे हैं। फिलहाल आश्रम प्रबंधन की ओर से आगे की व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं के बीच बना भ्रम खत्म हो सके