इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले पोस्टर वॉर
राहुल-अखिलेश पर निशाना, SIR पर विपक्ष की रणनीति
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले लगे होर्डिंग्स ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। मध्य दिल्ली में लगाए गए पोस्टरों में राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए उनके पुराने बयानों और चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए गए हैं।
राहुल गांधी के पोस्टर में बिहार चुनाव के दौरान उनकी मौजूदगी और चुनाव नतीजों के बाद चुनाव आयोग पर उठाए गए सवालों को लेकर तंज कसा गया है। वहीं अखिलेश यादव के पोस्टर में 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों का जिक्र किया गया है।
SIR पर विपक्ष की बड़ी बैठक
इन पोस्टरों के बीच आज इंडिया ब्लॉक की बैठक होने जा रही है। बैठक का प्रमुख मुद्दा विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़े विवाद और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष की आगे की रणनीति है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
कांग्रेस ने भी SIR को लेकर अपनी मांगें दोहराई हैं। पार्टी ने SIR को निलंबित करने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल करने की मांग रखी है। हालांकि, मतदाता सूची से हटाए गए नामों और प्रक्रिया को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के दावों के बीच राजनीतिक विवाद जारी है।
बैठक में जुटेगा विपक्ष का कुनबा
बैठक में कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है। समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, आरजेडी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, जेएमएम, शिवसेना यूबीटी, एनसीपी एसपी, सीपीएम, सीपीआई और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।
यानी एक तरफ SIR और चुनाव आयोग का मुद्दा, दूसरी तरफ विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन और तीसरी तरफ पोस्टर के जरिए शुरू हुई सियासी जवाबी लड़ाई। बैठक से पहले ही दिल्ली की सड़कों पर लगे होर्डिंग्स ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में SIR का मुद्दा संसद और सियासी मंचों पर बड़ा टकराव पैदा कर सकता है।