मानसून का रौद्र रूप: उत्तराखंड में पहाड़ दरके, मुंबई पानी-पानी, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Monsoon Havoc In Uttarakhand

देशभर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में इसका असर तेजी से दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 3 जुलाई को देश के अनेक हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश ने कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मुंबई में बारिश से थमी रफ्तार, सड़कें बनीं नदी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने के साथ ही बहुत ही आवश्यक होने पर घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। बताया जाता है कि भारी बारिश् के चलते कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। जिससे कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।

उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा, अलकनंदा नदी उफान पर

उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी उफान पर बह रही है, जबकि कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। आईएमडी ने नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।

गुजरात के वलसाड में बाढ़ जैसे हालात, कई इलाके जलमग्न

गुजरात के वलसाड जिले में लगातार हो रही बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। कई कॉलोनियों और मुख्य सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को तैनात कर स्थिति पर लगातार निगरानी शुरू कर दी है। नागरिकों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने  और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

दिल्ली समेत कई राज्यों में भी बारिश का दौर, किसानों के लिए राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, उत्तरी केरल, विदर्भ, दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद हो सकती है, लेकिन अत्यधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बना रहेगा।

Exit mobile version