मस्क की दौलत को 7.1 लाख करोड़ का झटका
दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की दौलत को अमेरिकी शेयर बाजार की गिरावट ने ऐसा झटका दिया है कि एक ही दिन में उनकी संपत्ति से करीब 7.1 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। यह रकम इतनी बड़ी है कि कई देशों की सालाना अर्थव्यवस्था से भी इसकी तुलना की जा सकती है। अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी और एआई कंपनियों के शेयरों की भारी बिकवाली ने मस्क की संपत्ति को करीब 9.2 फीसदी तक नीचे ला दिया।
टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में 5 नवंबर को जोरदार गिरावट दर्ज की गई। टेस्ला का शेयर 10.77 फीसदी और स्पेसएक्स का शेयर 9.05 फीसदी टूट गया। इसका सीधा असर मस्क की नेटवर्थ पर पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, उनकी संपत्ति में 79.7 अरब डॉलर यानी करीब 7.1 लाख करोड़ रुपये की कमी आई और कुल नेटवर्थ घटकर 785 अरब डॉलर रह गई। हालांकि, इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।
लेकिन सवाल सिर्फ मस्क की संपत्ति घटने का नहीं, बल्कि अमेरिकी बाजार में अचानक आए इस भूचाल का है। दरअसल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई पर टेक कंपनियों के बेतहाशा खर्च ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। कंपनियां डेटा सेंटर, चिप और सर्वर पर अरबों डॉलर लगा रही हैं, लेकिन इस निवेश से भविष्य में कितना मुनाफा होगा, इसे लेकर तस्वीर साफ नहीं है।
इसी चिंता का असर सेमीकंडक्टर कंपनियों पर भी दिखा। एएमडी के शेयर 17.3 फीसदी, माइक्रोन के 17.5 फीसदी, एनवीडिया के 9.3 फीसदी और क्वालकॉम के 9.5 फीसदी तक टूट गए। यानी बाजार में अब एआई की संभावनाओं से ज्यादा उसके खर्च और कमाई के गणित पर सवाल उठ रहे हैं।
इसके साथ ही अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद बड़ी टेक कंपनियों पर संसदीय निगरानी और जांच बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। एआई डेटा सेंटर के विस्तार पर सख्त नियमों की संभावना भी निवेशकों को सतर्क कर रही है।
गौर करने वाली बात यह है कि 4 नवंबर को चुनावी नतीजों के बाद वॉल स्ट्रीट में जबरदस्त तेजी आई थी। लेकिन अगले ही कारोबारी सत्र में मुनाफावसूली शुरू हो गई। यही तेजी अब बिकवाली में बदल गई। यानी एआई की जिस दौड़ ने एलन मस्क जैसे अरबपतियों की दौलत को नई ऊंचाइयां दीं, उसी दौड़ में बढ़ते खर्च, नियामकीय आशंकाओं और निवेशकों की बदलती सोच ने एक दिन में उनकी संपत्ति को 7.1 लाख करोड़ रुपये का झटका दे दिया।