मध्यप्रदेश पुलिस में बंपर भर्ती: सीएम डॉ.मोहन यादव का बड़ा ऐलान, सिंहस्थ-2028 और सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

Massive recruitment drive for over 9000 posts in Madhya Pradesh Police

 

सीएम डॉ.मोहन यादव का बड़ा ऐलान, सिंहस्थ-2028 और सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी सौगात देते हुए पुलिस विभाग में 9,662 रिक्त पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्वीकृति के बाद गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से पूरी की जाएगी और जल्द ही विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि बढ़ते साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था की नई चुनौतियों और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल का विस्तार किया जा रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भर्ती की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में इतने बड़े पैमाने पर भर्ती से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा और प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

सबसे ज्यादा 7,500 आरक्षक पद

स्वीकृत पदों में सबसे ज्यादा 7 हजार 500 आरक्षक (GD) के पद शामिल हैं। इसके अलावा एक हजार आरक्षक (चालक), पांच सौ बीस सहायक उपनिरीक्षक यानी ASI 312 उपनिरीक्षक जिला बल और 81 पद सूबेदार के साथ 69 पद उपनिरीक्षक विशेष सशस्त्र बल के शामिल हैं। इसी प्रकार 135 शीघ्रलेखक, 22 उपनिरीक्षक (अंगुलिचिन्ह), 10 उपनिरीक्षक (आयुध), 9 उपनिरीक्षक (फोटो) और 4 उपनिरीक्षक (QD) के पदों पर भर्ती होगी।

कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा को मिलेगी ताकत
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नई भर्ती से प्रदेश की कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इससे साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं, सामुदायिक पुलिसिंग और बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा प्रबंधन पहले से अधिक प्रभावी होगा।

सिंहस्थ-2028 की तैयारी में अहम कदम
सरकार का मानना है कि उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल धार्मिक आयोजन, तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बदलती सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए पुलिस बल का विस्तार आवश्यक था। नई भर्ती से भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

जल्द आएगा भर्ती का नोटिफिकेशन
पुलिस भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। इसमें आवेदन की तिथि, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST) और चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके।

Exit mobile version