मनसा देवी मंदिर में बड़ा फैसला: अब बिना जेब वाले कपड़ों में ही दिखेंगे पुजारी, 65 कैमरों से होगी हर गतिविधि की निगरानी

चढ़ावे की पारदर्शिता के लिए सख्त कदम

हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में मंदिर प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए पुजारियों और कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू कर दिया है। अब मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान सभी पुजारियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनना अनिवार्य होगा। मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि इससे चढ़ावे की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

राम मंदिर और बद्रीनाथ विवाद के बाद फैसला

देश के कई बड़े मंदिरों में चढ़ावे से जुड़ी खबरों के सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है। मंदिर प्रशासन का मानना है कि श्रद्धालुओं का विश्वास सर्वोपरि है और किसी भी तरह की शंका को खत्म करना जरूरी है। इसी वजह से मनसा देवी मंदिर ने समय रहते नई व्यवस्था लागू कर दी है।

65 CCTV कैमरों से रहेगी पैनी नजर

मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन रवींद्र पुरी ने बताया कि पूरे मंदिर परिसर में 65 से ज्यादा हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि कैमरों में कैद होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दान सीधे मंदिर को, पुजारियों ने भी जताई सहमति

नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान सीधे मंदिर ट्रस्ट के पास जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, सभी पुजारियों और कर्मचारियों ने इस फैसले का समर्थन किया है। ट्रस्ट का कहना है कि यह कदम मंदिर की गरिमा, पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है।

 

 

 

 

 

Exit mobile version