लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन बदलावों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा पुलिस प्रशासन में बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया है।
- 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी
- रामपुर को मिले नए पुलिस अधीक्षक
- लखनऊ, आगरा और ललितपुर में भी नई तैनाती
- कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रशासनिक बदलाव
- नई जिम्मेदारियों के साथ अफसर संभालेंगे मोर्चा
तबादला सूची के अनुसार अनिल कुमार सिंह (आईपीएस-2015) को पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से रामपुर का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, रामपुर के एसपी सोमेन्द्र मीना (आईपीएस-2017) का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना (आरआई), आगरा बनाया गया है।
इसके अलावा गोपाल कृष्ण चौधरी को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पद से हटाकर 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ का सेनानायक बनाया गया है। मोहम्मद मुस्ताक, जो अब तक ललितपुर के एसपी थे, उन्हें पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संजीव कुमार बाजपेई, जो 43वीं वाहिनी पीएसी, एटा में सेनानायक थे, अब पुलिस अधीक्षक, ललितपुर होंगे।
सरकार का मानना है कि इन प्रशासनिक बदलावों से जिलों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। नए अधिकारियों से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।