एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थागत विकास के लिए मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग को मिला पुरस्कार। मंडला का एकलव्य विद्यालय भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में चयनित।
जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से किए गए मूल्यांकन में मध्यप्रदेश स्पेशल एंड रेजिडेंशियल एकेडमिक सोसाइटी (एमपी सरस) को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थागत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान विभाग के प्रमुख सचिव और एमपी सरस की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष गुलशन बामरा ने ग्रहण किया।
मंडला के एकलव्य विद्यालय ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान
इस समारोह में मध्यप्रदेश के मंडला जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट एकलव्य विद्यालय के रूप में चुना गया। विद्यालय की इस उपलब्धि ने जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में जिले और प्रदेश की पहचान को नई मजबूती दी है। विद्यालय की ओर से यह सम्मान अध्यक्ष एवं मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे और विद्यालय की प्राचार्य रीना ने ग्रहण किया।
राष्ट्रपति ने मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद
समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों और शैक्षणिक अनुभवों के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा सहित विभिन्न एकलव्य विद्यालयों के शिक्षक और मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जनजातीय गौरव पखवाड़े में मिला सम्मान
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत किया गया। यह पखवाड़ा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। मध्यप्रदेश के लिए यह सम्मान जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान है। एक ओर विभागीय स्तर पर शैक्षणिक व्यवस्था और संस्थागत विकास को सराहना मिली, तो दूसरी ओर मंडला के एकलव्य विद्यालय ने अपनी उत्कृष्टता से प्रदेश का गौरव बढ़ाया।