2026-27 में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान। कमजोर मानसून, अल नीनो और मौसम की चुनौतियों का असर। पिछले साल रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन के बाद इस बार कृषि क्षेत्र के सामने नई चुनौती।
नई दिल्ली। देश में 2026-27 के खरीफ सीजन में खाद्यान्न उत्पादन पिछले साल के मुकाबले कम रहने का अनुमान है। केंद्र सरकार के पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, इस साल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 167.14 मिलियन टन यानी 16.71 करोड़ टन रहने की संभावना है। यह 2025-26 के पहले अग्रिम अनुमान 173.33 मिलियन टन से 6.19 मिलियन टन कम है। हालांकि, पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से यह 9.76 मिलियन टन अधिक है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अल नीनो की परिस्थितियों और कमजोर मानसून ने खरीफ फसलों को प्रभावित किया है। जून में सामान्य से 35 से 40 प्रतिशत कम बारिश होने के कारण बुवाई में देरी हुई। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में मिट्टी में नमी की कमी का भी असर पड़ा। इसके बावजूद उत्पादन पांच साल के औसत से अधिक रहने का अनुमान भारतीय कृषि की क्षमता को दर्शाता है।
चावल और मोटे अनाज का उत्पादन
सरकारी अनुमान के अनुसार, खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 121.9 मिलियन टन रहने की संभावना है। मोटे और पौष्टिक अनाज का उत्पादन 38.10 मिलियन टन अनुमानित है। इसमें मक्का का उत्पादन 26.06 मिलियन टन और बाजरे का 8.94 मिलियन टन रहने का अनुमान है।
दलहन और तिलहन पर भी नजर
खरीफ दलहन उत्पादन 7.13 मिलियन टन रहने का अनुमान है। इसमें अरहर 3.12 मिलियन टन, मूंग 1.65 मिलियन टन और उड़द 1.44 मिलियन टन शामिल हैं। वहीं, तिलहन उत्पादन 23.94 मिलियन टन रहने की संभावना है। मूंगफली का उत्पादन 11.16 मिलियन टन और सोयाबीन का 10.24 मिलियन टन अनुमानित है।
गन्ने का उत्पादन 454.33 मिलियन टन और कपास का उत्पादन 24.86 मिलियन गांठ रहने का अनुमान है।
पिछले साल बना था रिकॉर्ड
वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 378.53 मिलियन टन दर्ज किया गया। इसमें चावल का उत्पादन 155.15 मिलियन टन और गेहूं का 122.06 मिलियन टन रहा।
हालांकि, इस बार खरीफ उत्पादन में संभावित गिरावट से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। कृषि नीति विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले महीनों में कुछ कृषि जिंसों की कीमतें बढ़ सकती हैं। दलहन और तिलहन का वास्तविक उत्पादन घरेलू आपूर्ति और आयात निर्भरता को प्रभावित करेगा।अब खरीफ फसलों की कटाई और बाजार में आवक के साथ यह स्पष्ट होगा कि शुरुआती अनुमान वास्तविक उत्पादन में कितना बदलता है।