मध्यप्रदेश में 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा ‘सेवा दूत अभियान’…CM मोहन यादव ने BJP कार्यकर्ताओं को दिया जनसेवा और सुशासन का संदेश

Seva Doot Abhiyan Service Messenger Campaign to be held in Madhya Pradesh from December 1 to 25

बूथ सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर बीजेपी का फोकस, दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिन प्रवास करेंगे वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता।

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 1 से 25 दिसंबर तक 25 दिवसीय ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है। अभियान के जरिए संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। इसी सिलसिले में गुरुवार को भोपाल, चंबल, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग के सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है और विश्व महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सेवा दूतों से आह्वान किया कि वे बदलते भारत की उपलब्धियों, सेवा और सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं। संविधान की मूल भावना, देश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा संकल्प ने भारत को विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज भारत आर्थिक, सामरिक, तकनीकी और कूटनीतिक क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। रूस सहित 40 से अधिक देशों के साथ रुपये में व्यापार की व्यवस्था आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाने की अपील की।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 25 दिवसीय सेवा दूत अभियान संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण को नई गति देगा। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन को मजबूत करेंगे।

वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, संवाद और जनभागीदारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अभियान के जरिए बीजेपी संगठनात्मक सक्रियता के साथ जनसंपर्क और योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर देने जा रही है।

Exit mobile version