चीनी उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग ने हांगकांग निवेश शिखर सम्मेलन को संबोधित किया

हांगकांग अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नेताओं का निवेश शिखर सम्मेलन सोमवार से बुधवार तक चीन के
हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र में आयोजित किया गया। इस दौरान चीन के उप प्रधानमंत्री हे
लिफेंग ने वीडियो के जरिए सम्मेलन को संबोधित किया।

अपने संबोधन में हे लिफेंग ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग हमेशा हांगकांग के विकास को
महत्व देते हैं। केंद्र सरकार के मजबूत समर्थन से हांगकांग में स्थिरता और समृद्धि का माहौल
लगातार मजबूत हुआ है। साथ ही, आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां
हासिल हुई हैं।

उन्होंने कहा कि चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) में हांगकांग की प्रतिस्पर्धात्मक
क्षमता बढ़ाने और उसे राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए ठोस
प्रावधान किए गए हैं। इसी दिशा में हांगकांग ने राष्ट्रीय योजना के अनुरूप अपनी पहली पंचवर्षीय
योजना तैयार की है। इससे सामाजिक सहमति मजबूत होगी, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और
विकास को नई गति मिलेगी।

हे लिफेंग ने आगे कहा कि हांगकांग का विकास हमेशा मातृभूमि के विकास के साथ जुड़ा रहा है।
केंद्र सरकार को हांगकांग की पंचवर्षीय योजना के कार्यान्वयन और उसके भविष्य के विकास पर
पूरा भरोसा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पहले की तरह आगे भी हांगकांग की
दीर्घकालिक समृद्धि और स्थिरता के लिए पूरा समर्थन देती रहेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि हांगकांग एक देश, दो प्रणालियां के फायदों का पूरा इस्तेमाल करते हुए
और उच्च स्तर का खुला आर्थिक माहौल बनाए रखेगा। इसके साथ ही, वह अपने वित्तीय क्षेत्र की
बुनियाद मजबूत करेगा, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगा तथा
वित्तीय सेवाओं के जरिए अर्थव्यवस्था को बेहतर समर्थन देगा। उन्होंने यह भी कहा कि हांगकांग को
अपनी पंचवर्षीय योजना को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए राष्ट्रीय विकास में और अधिक सक्रिय
भूमिका निभानी चाहिए।

हे लिफेंग ने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां चाहे जितनी बदलें, शांति, विकास, सहयोग
और साझा लाभ की भावना समय की प्रमुख मांग बनी रहेगी। चीन उच्च स्तरीय खुलेपन को

लगातार बढ़ावा देता रहेगा और दुनिया के सभी देशों को चीनी शैली के आधुनिकीकरण से पैदा होने
वाले नए अवसरों में भागीदारी के लिए आमंत्रित करता है। इसका उद्देश्य विश्व अर्थव्यवस्था की
समृद्धि और स्थिरता के लिए मिलकर और अधिक योगदान देना है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

 

 

 

Exit mobile version