फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने जा रही है। इस बार टूर्नामेंट खास इसलिए भी है क्योंकि पहली बार वर्ल्ड कप का आयोजन तीन देशों में एक साथ किया जा रहा है। उद्घाटन मुकाबला मैक्सिको सिटी में मैक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार 12 जून को रात 12:30 बजे शुरू होगा।
मैक्सिको सिटी में भव्य ओपनिंग सेरेमनी
टूर्नामेंट की पहली ओपनिंग सेरेमनी मैक्सिको सिटी में मैच शुरू होने से करीब 90 मिनट पहले आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में दुनिया भर के बड़े कलाकार शामिल होंगे। खास बात यह है कि मशहूर सिंगर शकीरा और बर्ना बॉय मुख्य परफॉर्मर्स होंगे और वे टूर्नामेंट का आधिकारिक गीत ‘डाई डाई’ भी प्रस्तुत करेंगे। इनके साथ एलेजांद्रो फर्नांडीज, बेलिंडा, डैनी ओशन, जे बाल्विन, लीला डाउन्स, लॉस एंजिल्स अजुलेस, माना और टाइला जैसे कलाकार भी मंच पर नजर आएंगे।
कनाडा के टोरंटो में दूसरा बड़ा आयोजन
दूसरी ओपनिंग सेरेमनी कनाडा के टोरंटो में आयोजित की जाएगी, जहां मेजबान टीम कनाडा का मुकाबला बोस्निया एंड हर्जिगोविना से होगा। इस कार्यक्रम में भारतीय समयानुसार 12 जून को रात 11 बजे से फैंस को भव्य शो देखने को मिलेगा। यहां माइकल बबल, एलेसिया कारा, एलैनिस मोरिससेट और फिलिस्तीनी-चिली सिंगर एलियाना जैसे इंटरनेशनल स्टार्स परफॉर्म करेंगे। इसके अलावा फ्रांसीसी कलाकार वेजेड्रीम, जेसी रेयेज, नोरा फतेही, संजॉय और विलियम प्रिंस भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे।
अमेरिका में तीसरी और सबसे बड़ी सेरेमनी
तीसरी ओपनिंग सेरेमनी अमेरिका के लॉस एंजिलिस स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां 13 जून को अमेरिका और पराग्वे के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस आयोजन में भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजे से ओपनिंग सेरेमनी शुरू होगी। इस शो की मुख्य स्टार इंटरनेशनल पॉप सिंगर केटी पेरी होंगी, जो अपने होम स्टेट में परफॉर्म करेंगी। उनके साथ रैपर फ्यूचर, अनिता, लिसा, रेमा और टाइला जैसे ग्लोबल आर्टिस्ट भी मंच पर नजर आएंगे।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खास आयोजन और टाइमिंग
इस बार का फीफा वर्ल्ड कप तीन देशों में होने की वजह से टाइम जोन के हिसाब से अलग-अलग समय पर मैच और सेरेमनी आयोजित की जा रही हैं। भारत में फैंस को अलग-अलग समय पर लाइव मैच और ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिलेगी। मैक्सिको में पहला मैच और सेरेमनी, कनाडा में दूसरा आयोजन और अमेरिका में तीसरा भव्य शो तय किया गया है।
भारत में कैसे देखें लाइव ओपनिंग सेरेमनी
भारतीय दर्शक फीफा वर्ल्ड कप 2026 की सभी ओपनिंग सेरेमनी और मैचों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इसका लाइव टेलीकास्ट Unite8 स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए ZEE5 प्लेटफॉर्म उपलब्ध रहेगा। फैंस अपने मोबाइल और टीवी दोनों पर इस ग्लोबल फुटबॉल महाकुंभ का आनंद ले सकेंगे।