21 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक की सेहत पर डॉक्टर का बड़ा अपडेट

Doctor major update on Sonam Wangchuk health after 21 day hunger strike

नई दिल्ली। सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर एम्स दिल्ली के डॉक्टरों ने अहम जानकारी साझा की है। जंतर-मंतर पर 21 दिन की भूख हड़ताल के बाद शनिवार को उन्हें पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। अस्पताल में उनकी चिकित्सकीय निगरानी लगातार जारी है।

एम्स के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. अक्षय कुमार ने बताया कि सोनम वांगचुक के सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेतक फिलहाल सामान्य हैं। उनका ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल और नाड़ी की गति सामान्य है। डॉक्टरों के मुताबिक वह पूरी तरह होश में हैं और सामान्य रूप से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, चिकित्सकीय टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें नस के जरिए तरल पदार्थ एवं इलेक्ट्रोलाइट लेने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है।

इससे पहले सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल बुलेटिन में बताया गया था कि सोनम वांगचुक ने ड्रिप और मुंह से किसी भी प्रकार का तरल पदार्थ लेने से इनकार कर दिया है। साथ ही उनके शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के लक्षण पाए गए हैं, जबकि पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन सेचुरेशन स्थिर हैं।

उधर, उनकी पत्नी गीतांजलि जे. अंगमो ने सोनम वांगचुक को जल्द अस्पताल से डिस्चार्ज करने की मांग की है।

Exit mobile version