अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के 70वें महासम्मेलन के दौरान चीन ने सोमवार को 'लघु
मॉड्यूलर रिएक्टर (SMR) नवाचार में एकजुटता, परमाणु ऊर्जा से सुंदर घर का सह-निर्माण'
विषय पर एक साइड इवेंट आयोजित किया। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर SMR के क्षेत्र में
अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना, तकनीकी नवाचार, मानकों के समन्वय, क्षमता निर्माण
और व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना था। साथ ही, इसका लक्ष्य वैश्विक जलवायु शासन और
सतत विकास में योगदान देना भी था।
चीन के राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा प्रशासन के निदेशक शान चोंगदे ने कहा कि चीन परमाणु ऊर्जा को
नई ऊर्जा प्रणाली के निर्माण और कार्बन उत्सर्जन के चरम स्तर तथा कार्बन तटस्थता के लक्ष्यों को
हासिल करने के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प मानता है। उन्होंने कहा कि परमाणु उद्योग में पूरी
नवाचार श्रृंखला, औद्योगिक श्रृंखला और प्रतिभा श्रृंखला के आधार पर चीन SMR के विकास और
इस्तेमाल के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
शान चोंगदे ने आगे कहा कि भविष्य में चीन तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगा
और SMR उद्योग के विकास की नींव को और मजबूत करेगा। साथ ही, विकास और सुरक्षा के
बीच संतुलन बनाए रखने, SMR क्षेत्र में पेशेवर प्रतिभाओं के संयुक्त प्रशिक्षण को बढ़ावा देने,
बहुपक्षीय सहयोग मंचों का बेहतर इस्तेमाल करने और व्यापक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत
करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इसी साइड इवेंट के दौरान चीन ने 'वैश्विक SMR नवाचार सहयोग पहल' भी शुरू की। IAEA के
महानिदेशक के विशेष प्रतिनिधि ह्वांग वेई ने कहा कि IAEA चीन की इस पहल का स्वागत करता
है। उन्होंने कहा कि IAEA चीन और सभी इच्छुक सदस्य देशों को SMR के क्षेत्र में तकनीकी
नवाचार, मानकों के समन्वय, क्षमता निर्माण और व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देने में समर्थन
देने के लिए तैयार है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)