बच्चों का WhatsApp अब पैरेंट्स की नजर में, लेकिन प्राइवेसी भी सुरक्षित… जानें टीनएजर्स के लिए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स

Children WhatsApp now under parental supervision yet privacy remains secure Discover parental control features for teenagers

बच्चे के हाथ में स्मार्टफोन है तो सिर्फ फोन नहीं, पूरी दुनिया उसके हाथ में है। WhatsApp पर कौन दोस्त है, किस ग्रुप में बच्चा एक्टिव है और कहीं कोई अनजान व्यक्ति तो संपर्क नहीं कर रहा. ये सवाल अब हर माता-पिता की चिंता हैं। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए WhatsApp ने टीनएजर्स के लिए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स शुरू किए हैं। खास बात यह है कि माता-पिता बच्चे की निजी बातचीत नहीं पढ़ सकेंगे, लेकिन बच्चे की WhatsApp गतिविधि से जुड़ी कुछ अहम जानकारी जरूर जान सकेंगे। यानी सुरक्षा भी और निजता भी।

बच्चे किन ग्रुप्स में हैं, पता चलेगा

नए पैरेंटल कंट्रोल का सबसे अहम पहलू यह है कि माता-पिता अपने टीनएजर के WhatsApp इस्तेमाल को लेकर कुछ सीमाएं और सुरक्षा विकल्प तय कर सकेंगे। वे यह जान सकेंगे कि बच्चा किन ग्रुप्स में एक्टिव है। इससे अभिभावकों को यह समझने में मदद मिलेगी कि बच्चा किस तरह के डिजिटल माहौल में है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि माता-पिता बच्चे की हर निजी चैट पढ़ पाएंगे। WhatsApp की निजी बातचीत की गोपनीयता बनी रहेगी। इसलिए इसे जासूसी के बजाय सुरक्षा के नजरिए से समझना जरूरी है।

कंट्रोल जबरदस्ती नहीं, मिलकर तय होंगे

WhatsApp के ये पैरेंटल कंट्रोल ऑप्शनल हैं। इन्हें माता-पिता और टीनएजर मिलकर सेटअप कर सकते हैं। यही पहलू सबसे महत्वपूर्ण है। बच्चों पर सिर्फ निगरानी रखने के बजाय उन्हें डिजिटल सुरक्षा के नियम समझाना ज्यादा प्रभावी हो सकता है। माता-पिता को बच्चों से यह बातचीत जरूर करनी चाहिए कि अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट या चैट का जवाब क्यों नहीं देना चाहिए, निजी तस्वीरें और जानकारी क्यों साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से क्या खतरा हो सकता है।

नंबर छिपाकर WhatsApp पर जुड़ने का विकल्प

WhatsApp ने Username फीचर भी पेश किया है। इसके जरिए यूजर अपना मोबाइल नंबर बताए बिना दूसरे लोगों से WhatsApp पर जुड़ सकते हैं। जिन यूजर्स के लिए यह सुविधा उपलब्ध है, वे WhatsApp को अपडेट करने के बाद Settings में जाकर Account और फिर Username विकल्प देख सकते हैं। यहां उपलब्ध यूजरनेम चुनकर उसे सेव किया जा सकता है। यूजरनेम बनाना अनिवार्य नहीं है। इसे बदला या हटाया भी जा सकता है। इसका मकसद मोबाइल नंबर को हर नए संपर्क के सामने उजागर होने से बचाना है।

Username Key से एक और सुरक्षा कवच

WhatsApp का Username Key फीचर भी सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम है। इसके जरिए यूजर एक खास Key तय कर सकते हैं। केवल यूजरनेम के जरिए संपर्क करने वाले नए व्यक्ति को पहले यह Key डालनी होगी। यानी यूजर के पास यह तय करने का अतिरिक्त विकल्प रहेगा कि कौन उनसे संपर्क कर सकता है।

असली सुरक्षा फीचर से ज्यादा आदतों में है

सबसे जरूरी बात यह है कि कोई भी तकनीकी फीचर बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित नहीं कर सकता। पैरेंटल कंट्रोल एक सुरक्षा कवच है, लेकिन उसकी पहली दीवार माता-पिता और बच्चों के बीच भरोसा है। बच्चे से फोन छीन लेना समाधान नहीं है। उसे यह समझाना जरूरी है कि ऑनलाइन दुनिया में दोस्त और अजनबी के बीच फर्क कैसे करें, साइबर बुलिंग से कैसे निपटें, निजी जानकारी किसे न दें और खतरा महसूस होने पर तुरंत माता-पिता को बताएं। WhatsApp के नए फीचर्स माता-पिता को निगरानी का अधिकार नहीं, बल्कि सुरक्षा का एक नया साधन देते हैं। बच्चों की निजी चैट की गोपनीयता बरकरार रखते हुए उनकी डिजिटल सुरक्षा पर नजर रखना इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत है। लेकिन याद रखिए, ऐप का कंट्रोल तभी काम करेगा जब घर में संवाद का कंट्रोल मजबूत होगा। बच्चे को डराकर नहीं, समझाकर सुरक्षित डिजिटल दुनिया की आदत डालना ही सबसे बड़ा पैरेंटल कंट्रोल है।

Exit mobile version