ब्रेकिंग न्यूज अपडेट:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ग्वालियर दौरा,चंद्रयान-3 का काउंट डाउन आज,पीएम मोदी पेरिस रवाना,बाढ़ पीड़िता ने विधायक को जड़ा थप्पड़

breaking news today

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी ग्वालियर,जय विलास पैलेस होगा शाही भोज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को ग्वालियर की यात्रा पर आ रहीं हैं। वे यहां ग्वालियर शहर में तकरीबन साढ़े चार घंटे का समय बिताएंगी। खास बात यह है कि राष्ट्रपति यहां जय विलास पैलेस भी जाएंगी। जहां उनके स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। वे जयविलास पैलेस म्यूजियम देखने पहुंचेंगी। महल में राष्ट्रपति मुर्मू केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनका परिवार अगवानी करेगा। यहां राष्ट्रपति के सम्मान में शाही भोज का आयोजन किया गया है। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अटल बिहारी बाजपाई ट्रिपल आईटीएम के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

चंद्रयान-3 के लिए काउंट डाउन आज,तिरूपति की शरण में ISRO के वैज्ञानिक

भारत के अतिमहत्वाकांक्षी चंद्रयान-3 का काउंट डाउन गुरुवार दोपहर शुरू हो ने वाला है। इसकी लॉन्चिंग अगले दिन शुक्रवार को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर होगी। यह चंद्रयान श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से छोड़ा जाएगा। इस काउंट डाउन से पहले ISRO के वैज्ञानिकों की टीम गुरुवार सुबह भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए तिरूपति वेंकटचलापति मंदिर पहुंची। वैज्ञानिक अपने साथ चंद्रयान-3 का मिनिएचर मॉडल भी अपने लेकर आए थे। बता दें चंद्रयान अगले माह 24 और 25 अगस्त को चांद पर उतरेगा। इससे पहले अगले 14 दिन रोवर लैंडर के चारों ओर 360 डिग्री में घूमेगा और कई परीक्षण करेगा। वहीं रोवर के चलने से पहिए के जो निशान चंद्रमा की सतह पर बनेंगे। उनके फोटो भी लैंडर भेजेगा।

पीएम मोदी पेरिस के दौरे पर रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिनी फ्रांस की यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से पेरिस के लिए उड़ान भरी। बता दें पीएम मोदी का फ्रांस का ये दो दिन का दौरा है। पीएम वहां 14 जुलाई को होने वाली बैस्टिल डे परेड में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पीएम मोदी इससे पहले पांच बार फ्रांस जा चुके हैं यह उनकी छठी फ्रांस यात्रा है।

बाढ़ पीड़ित महिला ने विधायक को जड़ा थप्पड़, कहा अब क्यों आए हो

हरियाणा के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। कैथल ही नहीं यमुनानगर और पंचकूला समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कैथल में जब जननायक जनता पार्टी विधायक ईश्वर सिंह गुहला बाढ़ के हालात का जायजा लेने पहुंचे। तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। इसी दौरान गुस्साई बाढ़ पीड़ित एक महिला ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दिल्ली से हिमाचल तक बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त,बूंदों ने मचाया आतंक

देश में मानसूनी बारिश का असर दिल्ली से लेकर हिमाचल तक देखा जा रहा है। बारिश की बूंदों का आतंक यहां देखने को मिल रहा है। दिल्ली की बात करें तो यमुना अपने किनारे छोड़कर निचले इलाकों में जा पहुंची है। जिसकी वजह से लोगों को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इस बीच गुरुवार को निचले इलाकों के स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। यहां सुबह 7 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208.46 मीटर था। उधर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। जिससे जबरदस्त तबाही मच गई। यहां, मंडी, ऊना और शिमला में बहुत ज्यादा आर्थिक नुकसान पहुंचा है। जबकि उत्तराखंड में भी गुरुवार को मौसम विभग ने रेड अलर्ट जारी है। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए इस वक्त चार धाम यात्रा को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है।

Exit mobile version