अप्रैल 2026 का महीना छुट्टियों और त्योहारों के कारण बैंक ग्राहकों के लिए खास रहने वाला है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार इस महीने अलग-अलग राज्यों में कुल 14 दिन बैंक बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में धार्मिक पर्व, क्षेत्रीय त्योहार, रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार शामिल हैं। ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम समय पर निपटाना जरूरी होगा, ताकि शाखा बंद मिलने की परेशानी से बचा जा सके।
1 अप्रैल को नए वित्त वर्ष की शुरुआत लेकिन बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं
1 अप्रैल से नया वित्त वर्ष शुरू होता है, लेकिन इस दिन बैंक अपने पुराने वित्तीय खातों को बंद करने की प्रक्रिया में रहते हैं। इसी वजह से देश के अधिकांश हिस्सों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। हालांकि आइजोल, गंगटोक, कोहिमा, रांची, शिलांग और शिमला में कामकाज जारी रह सकता है।
गुड फ्राइडे, आंबेडकर जयंती और बैसाखी जैसे बड़े त्योहारों पर भी बंद रहेंगे बैंक
अप्रैल में कई बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार पड़ रहे हैं। 2 अप्रैल को कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में मौंडी थर्सडे की छुट्टी रहेगी, जबकि 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती, बैसाखी, तमिल नव वर्ष, बोहाग बिहू और विशु जैसे पर्वों के कारण ज्यादातर राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
क्षेत्रीय त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में अतिरिक्त छुट्टियां
15 अप्रैल को बंगाली नव वर्ष, विशु और हिमाचल दिवस के चलते कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 16 अप्रैल को असम में बोहाग बिहू की छुट्टी रहेगी। 20 अप्रैल को बेंगलुरु में बसव जयंती और अक्षय तृतीया पर बैंक बंद रहेंगे, जबकि 21 अप्रैल को अगरतला में गरिया पूजा के कारण अवकाश रहेगा।
रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की छुट्टियों से बनेंगे लॉन्ग वीकेंड
अप्रैल में 5, 12, 19 और 26 तारीख को रविवार पड़ रहा है, जबकि 11 अप्रैल को दूसरा शनिवार और 25 अप्रैल को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इन छुट्टियों के चलते कई जगह लगातार दो या तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू, जरूरी काम पहले निपटाना बेहतर
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी। ग्राहक पैसे ट्रांसफर, बिल भुगतान और बैलेंस चेक जैसे काम घर बैठे कर सकते हैं। लेकिन लॉकर, चेक क्लियरेंस या दस्तावेज जमा करने जैसे काम के लिए छुट्टियों की सूची देखकर ही बैंक जाने की सलाह दी जा रही है।