कैश नहीं…यहां होती है कटिंग…जानें कहां है यह अनोखा ATM और क्यों बना चर्चा का केंद्र

बिहार के दानापुर में एक ऐसा ATM लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जहां नोट नहीं निकलते बल्कि हेयर स्टाइल निकलती है. जी हां, यहां लोग पैसे निकालने नहीं बल्कि बाल कटवाने और दाढ़ी सेट करवाने पहुंच रहे हैं. इलाके में यह अनोखा “ATM सैलून” अब चर्चा का विषय बन चुका है.

दानापुर का ‘हेयर कटिंग ATM’
सोशल मीडिया पर वायरल
SBI बूथ में बन रही दाढ़ी और स्टाइलिश हेयरकट

बाहर से देखने पर यह बिल्कुल किसी आम बैंक ATM जैसा दिखाई देता है. लाल-सफेद रंग के बूथ पर बड़े अक्षरों में SBI ATM लिखा हुआ है. राह चलते लोग जब इसे देखते हैं तो उन्हें लगता है कि अंदर कैश मशीन लगी होगी, लेकिन जैसे ही दरवाजा खुलता है, अंदर का नजारा देखकर लोग चौंक जाते हैं.

SBI का अनोखा ATM… अंदर चल रहा सैलून!

ATM मशीन की जगह अंदर शीशा, कुर्सी, हेयर ट्रिमर, कैंची और शेविंग किट नजर आती है. बूथ के अंदर बैठा नाई ग्राहकों के बाल काटता और दाढ़ी बनाता दिखाई देता है. यही वजह है कि लोग इसे मजाक में “ऑटोमेटिक ट्रिमिंग मशीन” भी कहने लगे हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ साल पहले तक यहां सचमुच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का ATM चलता था. आसपास के लोग रोज इसी बूथ से पैसे निकालते थे, लेकिन बाद में बैंक ने किसी वजह से ATM बंद कर दिया और मशीन हटवा ली. हालांकि बूथ का स्ट्रक्चर और बोर्ड वैसे ही छोड़ दिया गया.
दरअसल कई महिनों से खाली एसबीआई के इस एटीएम बूथ को मकान मालिक ने किराये पर दे दिया था. इसके बाद स्थानीय हेयर ड्रेसर जिसने इसे किराये पर लिया उसने इसे सैलून में बदल दिया. दिलचस्प बात यह है कि उसने ATM का बोर्ड भी नहीं हटाया. बस अंदर कुर्सी और शीशा लगा दिया. अब यह जगह इलाके में “ATM वाला सैलून” नाम से मशहूर हो चुकी है.
यह अनोखा ATM अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाकर शेयर कर रहे हैं. कई लोग मजाक में लिख रहे हैं — “यहां कैश नहीं, क्लासिक कट निकलता है.”
दानापुर का यह अनोखा प्रयोग यह भी दिखाता है कि बंद पड़ी जगहों का इस्तेमाल कैसे नए तरीके से किया जा सकता है. जहां कभी लोग पैसे निकालने लाइन लगाते थे, वहां आज स्टाइलिश हेयरकट के लिए ग्राहकों की भीड़ नजर आती है.

 

Exit mobile version