राहुल हैं कि मानते नहीं। उनकी जुबान बार-बार फिसल जाती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करना चाहा होगा, लेकिन बोलते-बोलते बहक गए। राहुल ने यूपी सीएम के बारे में बात करते हुए कहा कि वह धार्मिक नेता नहीं बल्कि एक ‘ठग’ हैं। हालांकि, राहुल के इस बयान पर यूपी सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस का इतिहास ही देश को ठगने का रहा है। वहीं, बीजेपी के कई नेताओं ने राहुल पर हमला बोल दिया है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी राय दे रहे हैं और कांग्रेस नेता के पक्ष या विपक्ष में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
राहुल गांधी समझे बिना बोलते हैं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में सामाजिक संगठनो के साथ हो रही एक चर्चा के दैरान जुबानी सीमा तोड़ दी। उन्होंने कहा कि कोई भी धर्म उत्तर प्रदेश में हिंसा को बढ़ावा नहीं दे रहा, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धार्मिक नेता नहीं कहे जा सकते।
- राहुल ने कहा कि केवल भगवा पहन लेने से कोई धार्मिक नेता नहीं हो जाता।
- इसके साथ ही राहुल ने कहा कि माफी चाहूंगा लेकिन योगी आदित्यनाथ कोई धार्मिक नेता नहीं बल्कि सामान्य से ठग हैं।
- उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में अधर्म फैला रही है।
राहुल के बयान पर बवाल
राहुल के बयान पर बवाल मचना ही था। नई दिल्ली स्थित कॉस्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में भाजपा जो कर रही है वह धर्म नहीं, अधर्म है। राहुल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को यदि हिंदू धर्म समझ में आता तो जो वह कर रहे हैं नहीं करते और योगी अपने मठ का अपमान कर रहे है। इसके बाद भाजपा नेताओं ने घोड़े खोल लिए और राहुल पर जमकर हमला बोला।
- यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह राहुल गांधी पर निशाना साधा
- उन्होंने ट्विटर पर लिखा,”योगी जी राहुल गांधी से उम्र में एक वर्ष पीछे है और योग्यता में सैकड़ो वर्ष आगे।”
- मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ट्ववीट किया- योगी जी के नेतृत्व में बढ़ते निवेश विकास की बयार और जीरो टॉलरेंस की नीति से उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम लिख रहा है। योगी जी की बढ़ती लोकप्रियता से राहुल गांधी आहत नजर आते हैं।
- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कांग्रेस पर हमला बोला, राहुल गांधी सपने में हैं, यूपी आए नहीं इसलिए उनको एक्सप्रेस वे और विकास की जानकारी नहीं है
- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल ने योगी आदित्यनाथ के लिए जिस भाषा का उपयोग किया है वह निंदनीय है। राहुल को अपना बयान वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल हिंदुत्व के महाज्ञानी नहीं बनें
- वहीं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो चुके है। कब क्या कहते हैं और क्या करते हैं उन्हें खुद पता नहीं रहता है। शब्दों पर उनका बिलकुल नियंत्रण नहीं है।
सपा से मिला साथ
हालांकि, राहुल की टिप्पणी पर उन्हें समाजवादी पार्टी के नेताओं का साथ भी मिला है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संत तो नहीं है। उनकी कार्यप्रणाली वैसी नहीं है। जो संत होता है, उसके कर्म और मन में हमेशा जनकल्याण होता है।
हालांकि, कभी कांग्रेस में ही रह चुके और उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि राहुल गांधी ने इस तरह के निंदनीय बयान से जाहिर कर दिया है कि वह पप्पू ही है। उन्होंने कहा कि राहुल ने योगी पर इस तरह का बयान देकर हिंदुओं और गोरक्षनाथ मठ का अपमान किया है। उन्हें इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
राहुल के सलाहकारों को सावधानी बरतने की जरूरत
राहुल जिस तरह मसखरेपन से भरे बयान दे रहे हैं, यह साफ पता चल जा रहा है कि उनमें राजनीतिक परिपक्वता की कमी है। किसी संत को ठग बताना यह बता देता है कि उन्हें भारतीय समाज का ज्ञान नहीं है। उनके सलाहकारों को संभल कर बरतने की जरूरत है।





