नई दिल्ली…देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है… भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 जुलाई के लिए देश के 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है… मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 से 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे… कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं… वहीं कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश, जलभराव और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है…
18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून का प्रकोप बढ़ा, रहें सतर्क
पहाड़ों पर भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा
सबसे ज्यादा असर गुजरात और ओडिशा में देखने को मिल सकता है… गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है… वहीं ओडिशा में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है… उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है… मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है… संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है…
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है… कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है…
दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है… कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है… 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है… अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है…
उत्तर प्रदेश में चार दिन तक बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में 26 से 29 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है… लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, अयोध्या, मथुरा, झांसी, ललितपुर, मुजफ्फरनगर, बहराइच, सहारनपुर और बाराबंकी समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है… प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है…
मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में भोपाल, विदिशा, जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, बेतूल, धार, उज्जैन, गुना, उमरिया और आगर मालवा सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है… कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं… मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है…
बिहार और झारखंड में तेज हवाओं की चेतावनी
बिहार के पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर और नवादा सहित कई जिलों में भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं… वहीं झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, गुमला और हजारीबाग में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है…
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान भी अलर्ट पर
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट और बठिंडा, हरियाणा के कई जिलों तथा राजस्थान के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है… स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं…
महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता
महाराष्ट्र के पुणे, रायगढ़, सतारा, अकोला और अमरावती में भारी बारिश की संभावना है… तटीय क्षेत्रों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी के चलते मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है… गुजरात में भी कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है…
दक्षिण भारत में राहत
दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है… चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन उत्तर और पश्चिम भारत जैसी स्थिति बनने की संभावना फिलहाल नहीं है…
IMD की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर नहीं जाने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है… नदी किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और मछुआरों को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है… प्रशासन ने भी लोगों से मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही यात्रा करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है… देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन मानसून बेहद सक्रिय रहने की संभावना है… इसलिए सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय होगी.





