नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत की बीएमडब्ल्यू कार शुक्रवार यानी 30 दिसंबर को तड़के दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिसके चलते उन्हें कई चोटें आई हैं। अस्पताल से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक फिलहाल ऋषभ पंत खतरे से बाहर हैं। खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की हादेस पर नजर है। इस बीच हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह ने हादसे जुड़े कई अपडेट दिए।
हादसा सुबह 5 बजकर 22 मिनट पर
हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक हादसा 5 बजकर 22 मिनट पर हुआ। पंत की कार दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराई, पलटी और उनकी गाड़ी में आग लग गई। उसी वक्त गुजर रही हरियाणा रोडवेज की बस के कंडक्टर ने पंत को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। तुरंत लाइफ सेविंग एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और क्रिकेटर को मैक्स अस्पताल भेजा गया। फिर, उनकी मां को यह सूचना दी गई।
आइपीएल तक ठीक न हुए तो कौन लेगा पंत की जगह
प्राथमिक सूचना के हिसाब से झपकी की वजह से यह हादसा हुआ और फिलहाल ऋषभ की जान को कोई खतरा नहीं है। पंत हरिद्वार जिले के मंगलोर में दुर्घटना का शिकार हो गए थे। उन्हें सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। एक्स रे में पता चला है कि कोई हड्डी नहीं टूटी है। दाहिने घुटने में चोट है और वह कितनी गंभीर है, इसका पता एमआरआई या आगे जांच से चलेगा।
बता दें कि लिगामेंट की चोट ठीक होने में दो से छह महीने लगते हैं। अगर पंत इतने लंबे समय तक फील्ड पर नहीं आ सकेंगे तो उनका आइपीएल में खेलना भी नहीं हो पाएगा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए फिर अपने कप्तान का सब्स्टीट्यूट खोजने की चुनौती होगी।





