Apple के नए CEO जॉन टर्नस ने 1 सितंबर से कंपनी की कमान संभाल ली है। करीब 15 साल बाद Apple में CEO के पद पर बदलाव हुआ है। टिम कुक के बाद जॉन टर्नस के CEO बनने के साथ ही उनकी सैलरी और पैकेज को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। जॉन टर्नस पिछले 25 साल से Apple से जुड़े हुए हैं। उन्होंने साल 2001 में कंपनी की प्रोडक्ट डिजाइन टीम से अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद 2013 में वह हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने और 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट का पद संभाला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए CEO जॉन टर्नस को कुल 58 मिलियन डॉलर का पैकेज मिलेगा। इसमें 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 28.5 करोड़ रुपये की बेसिक सैलरी शामिल है। इसके अलावा उन्हें अगले साल के लिए 55 मिलियन डॉलर यानी करीब 522 करोड़ रुपये के टारगेट स्टॉक अवॉर्ड्स दिए जाएंगे। जॉन टर्नस के पैकेज में 2.5 मिलियन डॉलर का वन-टाइम RSU ग्रांट भी शामिल है। यानी उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा स्टॉक अवॉर्ड्स से जुड़ा हुआ है। वहीं, टिम कुक की बात करें तो CEO रहते हुए पिछले साल उनकी कुल कमाई 74.3 मिलियन डॉलर रही। उनका CEO पैकेज 47 मिलियन डॉलर का था, जिसमें 2 मिलियन डॉलर की सालाना बेसिक सैलरी और 2027 के लिए 45 मिलियन डॉलर के प्लान्ड स्टॉक अवॉर्ड्स शामिल थे।




