एपेक के 33वें अनौपचारिक शिखर सम्मेलन से ठीक पहले चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) की ओर से
तैयार किए गए दो खास वृत्तचित्रों, ‘विरासत के संरक्षक’ (The Heritage Guardian) और ‘पहाड़ों
और समुद्रों के पार से पत्र’ (Letters Across Mountains and Seas) के अंतर्राष्ट्रीय संस्करण का
प्रसारण रविवार से शुरू हो गया है। इन्हें एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के प्रमुख मीडिया चैनलों पर
दिखाया जा रहा है।
इस कड़ी में पहला वृत्तचित्र ‘विरासत के संरक्षक’ यह दर्शाता है कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग
पारंपरिक चीनी संस्कृति के संरक्षण और विकास को कितनी प्राथमिकता देते हैं। वे न केवल इसकी
रूपरेखा तैयार करते हैं, बल्कि इसे आगे बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहते हैं। यह कार्यक्रम
उनकी गहरी सांस्कृतिक सोच और सांस्कृतिक आत्मविश्वास को मजबूत करने के संकल्प को सामने
लाता है। इसमें राष्ट्रपति शी की व्यक्तिगत पहल से सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में मिली बड़ी
उपलब्धियों को बेहद जीवंत तरीके से दिखाया गया है, जो चीनी सभ्यता की निरंतरता और उसके
अनूठे आकर्षण को उजागर करता है।
दूसरी ओर, ‘पहाड़ों और समुद्रों के पार से पत्र’ में राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से दुनिया भर के
दोस्तों, कलाकारों और युवाओं को लिखे गए चुनिंदा जवाबी पत्रों की झलक मिलती है। यह कार्यक्रम
हर पत्र के पीछे छिपी आत्मीय कहानियों को बयां करता है। इन पत्रों के जरिए राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय
मित्रों को सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से चीन को करीब से समझने और आपसी विश्वास
बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं। कुल मिलाकर, यह वृत्तचित्र लोगों के बीच दोस्ती बढ़ाने और दिलों को
जोड़ने के प्रति उनकी संवेदनशीलता और गहरी अपेक्षाओं को बखूबी पेश करता है।
इन दोनों वृत्तचित्रों के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन
शहर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष
खलीलुर रहमान ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी बात रखी। इस मौके पर चीनी कम्युनिस्ट
पार्टी की केंद्रीय समिति के प्रचार विभाग के उप प्रमुख एवं सीएमजी के महानिदेशक शन हाईश्योंग,
एपेक सचिवालय के कार्यकारी निदेशक एडुआर्डो पेड्रोसा, रूस की संस्कृति मंत्री ओल्गा बोरिसोव्ना
ल्युबिमोवा और चीन में इंडोनेशिया के राजदूत जौहारी ओरतमांगुन सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद
रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए खलीलुर रहमान ने 1,700 साल से अधिक पुराने चीनी विद्वान गे
होंग (Ge Hong) के एक कथन को याद किया, जिसमें उन्होंने लिखा था, “जिनके इरादे एक हों, उनके
लिए पहाड़ और समुद्र कोई दूरी नहीं होते।” रहमान ने कहा कि आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस
विचार को नया अर्थ दें, विभिन्न देशों के लोगों के बीच की दूरियां मिटाएं और संस्कृतियों के बीच सेतु
बनाएं, ताकि एक क्षेत्र की तरक्की दूसरे क्षेत्रों के लिए भी नए अवसर पैदा कर सके।
इसी क्रम में, सीएमजी महानिदेशक शन हाईश्योंग ने कहा कि हाल ही में संपन्न चीनी कम्युनिस्ट
पार्टी की 20वीं केंद्रीय समिति के पांचवें पूर्ण सत्र ने दुनिया को यह साफ संदेश दिया है कि पार्टी
आत्म-शुद्धि, आत्म-सुधार, आत्म-नवाचार और आत्म-उन्नयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ठोस काम करने वाला और एशिया-प्रशांत सहयोग को मजबूती से अपनाने
वाला चीन आज इस क्षेत्र की सबसे भरोसेमंद और स्थिर शक्ति है। उनके अनुसार, ये दोनों वृत्तचित्र
क्षेत्रीय दर्शकों को राष्ट्रपति शी चिनफिंग की शासन नीतियों, नए युग के चीन के विविध रंगों और
समावेशी चीनी संस्कृति को बेहतर ढंग से समझने में काफी मदद करेंगे।
उल्लेखनीय बात यह है कि इन दोनों कार्यक्रमों का प्रसारण रूस, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया,
न्यूजीलैंड, फिलीपींस, थाईलैंड, पेरू, चिली और ऑस्ट्रेलिया समेत तमाम एपेक सदस्य
अर्थव्यवस्थाओं के प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म पर चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।
(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





