चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मिस्र की राजकीय यात्रा से पहले वहां के प्रमुख अखबारों अल-अहराम, अल-अखबार और अल-गोम्हुरिया में एक महत्वपूर्ण आलेख प्रकाशित किया है। इसका शीर्षक “एकजुटता के 70 साल मनाते हुए चीन और मिस्र एक नया अध्याय जोड़ेंगे” है।
अपने आलेख में शी चिनफिंग ने मिस्र के साथ पुराने संबंधों और अपनी पिछली यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले मिस्र की यात्रा के दौरान वहां की प्राचीन संस्कृति और खूबसूरत नजारों ने उन्हें गहरी छाप दी थी। अब वह राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ मिलकर दोनों देशों के बीच सर्वांगीण रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद रखते हैं।
आलेख में कहा गया कि 70 साल पहले चीन और मिस्र ने राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। इन संबंधों ने नए चीन और अरब देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के लिए रास्ता खोला। सात दशकों में बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हुए हैं और विकासशील देशों के बीच सहयोग की मिसाल बने हैं।
शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और मिस्र दोनों इस समय विकास और राष्ट्रीय पुनरुत्थान के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। चीन मिस्र के साथ रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने, साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के आधुनिकीकरण में सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है।