चीनी राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, औद्योगिक उत्पादों की
कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच इस वर्ष जनवरी से जुलाई तक चीन में बड़े पैमाने के
औद्योगिक उद्यमों का परिचालन राजस्व 6.5% बढ़ा। इसके साथ ही इन उद्यमों का लाभ
17.6% बढ़ गया।
तीन प्रमुख क्षेत्रों की बात करें तो खनन और विनिर्माण क्षेत्रों के लाभ में क्रमशः 34.9% और
18.8% की बढ़ोतरी हुई। वहीं, बिजली, ताप, गैस और जल उत्पादन एवं आपूर्ति क्षेत्र के लाभ में
5.8% की कमी दर्ज की गई। जुलाई में बड़े पैमाने के औद्योगिक उद्यमों का लाभ पिछले साल की
इसी अवधि की तुलना में 11.2% बढ़ा।
दूसरी तरफ, देश के इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लाभ में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। 'एआई+' के
विस्तार और कंप्यूटिंग शक्ति की बढ़ती मांग के चलते एआई उत्पादन और अनुप्रयोग से जुड़े
इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों का लाभ 1.1 गुना बढ़ा। इससे सभी बड़े पैमाने के औद्योगिक उद्यमों के
कुल लाभ में 9.3 प्रतिशत अंक का योगदान हुआ। वहीं, कंप्यूटिंग चिप्स और मेमोरी चिप्स समेत
एकीकृत सर्किट उद्योग का लाभ 18.5 गुना बढ़ा। इस उद्योग ने इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के कुल लाभ
में 80% से अधिक का योगदान दिया।
इसके अलावा, चीन के उच्च तकनीकी विनिर्माण क्षेत्र ने भी इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान
दिया। इस क्षेत्र के लाभ में 50.1% की बढ़ोतरी हुई, जबकि कच्चे माल के विनिर्माण क्षेत्र का लाभ
55.2% बढ़ा। जनवरी से जुलाई के दौरान, बड़े पैमाने के औद्योगिक उद्यमों का लाभ मार्जिन
5.66% रहा, जो वर्ष 2023 के बाद इसी अवधि के लिए सबसे अधिक है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)