18 नवंबर को दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में 2026 एपेक सीईओ शिखर
सम्मेलन का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने
हिस्सा लिया और दृढ़तापूर्वक आत्मविश्वास से भरपूर, साहसपूर्वक आगे बढ़ते हुए, एशिया-प्रशांत
क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का संयुक्त रूप से निर्माण विषय पर मुख्य भाषण दिया।
शी चिनफिंग ने कहा कि आर्थिक वैश्वीकरण के दौर में एपेक की स्थापना हुई थी और इसने एशिया-
प्रशांत क्षेत्र को विकास की राह में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। चीन सभी पक्षों के साथ
मिलकर आपसी विश्वास मजबूत करना और पूरे संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहता है। साथ ही,
चीन एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण और इस क्षेत्र की साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सभी
के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। इस दिशा में उन्होंने चार सुझाव दिए।
पहला, क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाहरी परिस्थितियां जितनी जटिल होंगी, युद्ध के बाद बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था
को बनाए रखना उतना ही जरूरी होगा। इसके साथ ही, एक न्यायसंगत और सुव्यवस्थित बहुध्रुवीय
विश्व व्यवस्था तथा समावेशी आर्थिक वैश्वीकरण को बढ़ावा देना चाहिए। मतभेदों को बातचीत और
विचार-विमर्श के जरिए सुलझाना चाहिए और चुनौतियों का सामना एकजुटता और सहयोग से
करना चाहिए। इससे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता बनाए रखने की
मजबूत नींव तैयार होगी।
दूसरा, खुले सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सभी पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए। विश्व व्यापार
संगठन के केंद्र में बनी नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूती से बनाए रखना
और मुक्त एवं खुले व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देना जरूरी है। साथ ही, वैश्विक औद्योगिक और
आपूर्ति श्रृंखलाओं को स्थिर बनाए रखना चाहिए, ताकि उनका कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे।
इसके अलावा, एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाना, आपसी संपर्क
के व्यापक नेटवर्क तैयार करना और क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को मजबूत करना भी जरूरी है।
तीसरा, नवाचार के जरिए विकास को नई गति देनी चाहिए। इसके लिए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र
में सहयोग बढ़ाना, डिजिटल अर्थव्यवस्था और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में मिलकर काम करना
तथा हरित और कम कार्बन उत्सर्जन वाली अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ना जरूरी है। हमें नवाचार से
मिलने वाले फायदों को विकास की नई ताकत में बदलना चाहिए, ताकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र की
आर्थिक वृद्धि को और गति मिल सके।
चौथा, आपसी फायदे और साझा विकास के लिए सहयोग के नए रास्ते खोलने चाहिए। इसके तहत
व्यापार और निवेश की बाधाओं को दूर करके एक खुली एशिया-प्रशांत अर्थव्यवस्था का निर्माण
करना होगा। साथ ही, विकास में दक्षता और निष्पक्षता के बीच संतुलन बनाते हुए समावेशी और
संतुलित विकास को बढ़ावा देना चाहिए। विकास के केंद्र में आम लोगों को रखते हुए यह सुनिश्चित
करना जरूरी है कि विकास का लाभ सभी अर्थव्यवस्थाओं, सामाजिक वर्गों और समूहों तक पहुंचे।
शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में दुनिया के कई अहम बे एरिया मौजूद हैं। चीन
विश्व बे एरिया आर्थिक सहयोग गठबंधन की स्थापना, विभिन्न बे एरिया के बीच आदान-प्रदान और
बातचीत को मजबूत करने तथा एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक सहयोग के नए रास्ते तलाशने का
समर्थन करता है।
अपने भाषण में शी चिनफिंग ने बताया कि इस साल की पहली तीन तिमाहियों में चीन की
अर्थव्यवस्था 4.6 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। विकास के नए दौर में नई गुणवत्ता वाली उत्पादक
शक्तियों ने अहम भूमिका निभाई है। इसके साथ ही, चीन का नया विकास ढांचा तेजी से तैयार हो
रहा है और हरित तथा कम कार्बन उत्सर्जन वाली अर्थव्यवस्था की दिशा में लगातार प्रगति हो रही
है।
उन्होंने कहा कि चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) सिर्फ चीन के विकास का खाका नहीं
है, बल्कि यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र और पूरी दुनिया की आर्थिक वृद्धि के लिए भी नए अवसर लेकर
आएगी। यह वैश्विक कारोबारी जगत के लिए चीन के साथ सहयोग करने का एक खुला निमंत्रण है।
शी चिनफिंग ने कहा कि चीन वैश्विक कारोबार जगत को एक बहुत बड़ा और खुला बाजार उपलब्ध
कराएगा। चीन में दुनिया का सबसे बड़ा मध्यम आय वर्ग है, जहां निवेश और उपभोग की अपार
संभावनाएं मौजूद हैं। चीन अपने बाजार को और खोलने की दिशा में काम कर रहा है। इसके साथ ही,
उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और सेवाओं के आयात को भी बढ़ाया जा रहा है। इससे बाजार में तरह-
तरह की नई मांग पैदा होगी और विदेशी कंपनियों के लिए कारोबार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चीन वैश्विक कंपनियों को विकास के लिए व्यापक अवसर भी देगा। नवाचार
के दम पर विकास और हरित बदलाव चीनी अर्थव्यवस्था की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। चीन आधुनिक
औद्योगिक व्यवस्था के निर्माण की गति तेज करेगा और तकनीकी नवाचार को औद्योगिक विकास
के साथ जोड़ने पर जोर देगा। इससे वैश्विक कंपनियों को नई तकनीक विकसित करने और अपने
कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शी चिनफिंग के मुताबिक, चीन वैश्विक कारोबार जगत को आपसी लाभ वाले सहयोग के लिए
बेहतर माहौल भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि एकतरफा फैसलों और संरक्षणवाद की
चुनौतियों के बावजूद चीन हमेशा वास्तविक बहुपक्षवाद के रास्ते पर चलता रहा है। इससे वैश्विक
आर्थिक विकास, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को स्थिरता मिलती है। अंतरराष्ट्रीय
हालात चाहे जितने बदलें, चीन दुनिया के सभी देशों के साथ सहयोग करने और आपसी फायदे को
बढ़ावा देने के अपने संकल्प पर कायम रहेगा। इससे वैश्विक कंपनियों को चीन में निवेश और
कारोबार के लिए अधिक स्थिर, भरोसेमंद और बेहतर माहौल मिलेगा।
अपने भाषण के अंत में शी चिनफिंग ने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र सभी के साझा विकास का क्षेत्र
और सहयोग का एक अहम मंच है। इस क्षेत्र का कारोबारी समुदाय वैश्विक अर्थव्यवस्था को आगे
बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी पक्षों का स्वागत किया कि वे चीन के सुधार
और खुलेपन की प्रक्रिया के साथ-साथ उसके आधुनिकीकरण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और
चीनी शैली के आधुनिकीकरण से पैदा होने वाले अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने सभी से मिलकर
खुलेपन के जरिए विकास की चुनौतियों का सामना करने, नवाचार से विकास को गति देने और
सहयोग के माध्यम से साझा लाभ हासिल करने की अपील की, ताकि एशिया-प्रशांत समुदाय का
निर्माण हो सके और इस क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)