19 नवंबर की सुबह, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर
में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) के नेताओं की 33वीं अनौपचारिक बैठक की
अध्यक्षता की और एशिया-प्रशांत समुदाय का निर्माण करें और एशिया-प्रशांत चमत्कार में नया
अध्याय लिखें शीर्षक भाषण दिया।
अपने भाषण में शी चिनफिंग ने कहा कि 30 वर्ष से भी अधिक समय पहले, एपेक की स्थापना हुई
थी, जिसने एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण की एक शानदार यात्रा शुरू की। पिछले तीस वर्षों में,
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में जबरदस्त परिवर्तन हुए हैं, जिससे तीव्र आर्थिक विकास का एशिया-प्रशांत
चमत्कार साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए आविष्कार
हो रहे हैं और औद्योगिक विकास भी नए दौर में प्रवेश कर रहा है। ऐसे में नए अवसरों और चुनौतियों
का सामना करने के लिए एशिया-प्रशांत देशों को आपसी सहयोग के नए तरीके अपनाने होंगे। उन्होंने
कहा कि साझा प्रयास, खुलापन और आपसी जुड़ाव, नवाचार तथा समावेशी विकास के आधार पर
एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण को आगे बढ़ाना जरूरी है।
शी चिनफिंग ने कहा कि एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण के लिए सबसे पहले साझा प्रयासों और
एकजुटता पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि विशाल प्रशांत महासागर में अनगिनत जहाज एक
साथ आगे बढ़ते हैं और यह क्षेत्र जीवन के विकास का आधार है। इसी तरह, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के
सभी देश एक ही परिवार का हिस्सा हैं और उनके हित एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसलिए चुनौतियों का
सामना करने के लिए सभी देशों को एकजुट होकर काम करना चाहिए, एक-दूसरे की मदद करनी
चाहिए और आपसी सहयोग को मजबूत बनाना चाहिए।
इसके साथ ही, उन्होंने खुलेपन और आपसी जुड़ाव को भी एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण के लिए
जरूरी बताया। शी चिनफिंग ने कहा कि खुला सहयोग ही इस क्षेत्र के विकास और समृद्धि का रास्ता
है। इसके लिए खुले क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना, आर्थिक एकीकरण की प्रक्रिया को लगातार आगे
बढ़ाना और ऐसा सहयोग ढांचा तैयार करना जरूरी है, जिसमें सभी देशों के लिए जगह हो और कोई
भी देश अलग-थलग न पड़े। उन्होंने स्वतंत्र और खुले व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देने पर भी जोर
दिया, ताकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के विकास के लिए नए अवसर पैदा हो सकें।
वहीं, शी चिनफिंग ने नवाचार को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि एशिया-प्रशांत
देशों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आपसी आदान-प्रदान और सहयोग बढ़ाना चाहिए। साथ ही,
नई तकनीकों और आविष्कारों का व्यावहारिक इस्तेमाल सुनिश्चित करना चाहिए। इसके लिए खुला,
निष्पक्ष और भेदभाव रहित माहौल तैयार करना जरूरी है। उन्होंने एपेक की भूमिका को और मजबूत
बनाने, संस्थागत और नीतिगत नवाचार को बढ़ावा देने तथा जरूरी सुधारों को आगे बढ़ाने की बात
भी कही, ताकि एशिया-प्रशांत अर्थव्यवस्थाओं की क्षमता और विकास की संभावनाओं का पूरा लाभ
उठाया जा सके।
उन्होंने समावेशी विकास पर जोर देते हुए कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सभी अर्थव्यवस्थाओं की
परिस्थितियां और विकास की जरूरतें अलग-अलग हैं। इसलिए हर देश की स्थिति को ध्यान में रखते
हुए सहयोग को आगे बढ़ाना चाहिए। विकास का लाभ सभी देशों और वहां के लोगों तक पहुंचना
चाहिए। इससे लोगों के जीवन में बेहतरी आएगी और उन्हें विकास का वास्तविक लाभ महसूस होगा।
शी चिनफिंग ने कहा कि समावेशी विकास के इसी रास्ते से एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण के
लक्ष्य को हासिल करने के लिए बेहतर परिस्थितियां तैयार की जा सकती हैं।
अपने भाषण में शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि चीन एपेक की स्थापना करने वाले, इसे बढ़ावा देने
वाले और इसकी अगुवाई करने वाले देशों में शामिल है। एशिया-प्रशांत समुदाय के मजबूत स्तंभों के
निर्माण के लिए चीन सभी पक्षों के साथ मिलकर अपने अनुभव, ज्ञान और संसाधनों का योगदान देने
को तैयार है। इस दिशा में उन्होंने चार सुझाव भी रखे।
पहला, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को मजबूत करना। इसके लिए क्षेत्रीय व्यापार समझौतों के
बीच बेहतर तालमेल बनाने, एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र को लेकर नीतिगत बातचीत बढ़ाने
और उच्च स्तरीय व्यापार एवं आर्थिक समझौतों में शामिल होने के लिए सभी देशों की क्षमता को
मजबूत करने की जरूरत है।
दूसरा, आपसी संपर्क और जुड़ाव को बेहतर बनाना। शी चिनफिंग ने कहा कि इसके लिए बुनियादी
ढांचे के नेटवर्क को मजबूत करके भौतिक संपर्क बढ़ाना होगा। साथ ही, नीतियों और नियमों के बीच
तालमेल बेहतर बनाकर संस्थागत सहयोग को आगे बढ़ाना होगा। इसके अलावा, लोगों के बीच
सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देकर दिलों को जोड़ने का प्रयास भी जरूरी
है।
तीसरा, नवाचार को बढ़ावा देना। इसके तहत डिजिटल बुनियादी ढांचे के निर्माण को मजबूत करना,
क्षेत्रीय स्तर पर डेटा प्रबंधन और सहयोग में बेहतर तालमेल बनाना तथा नवाचार के लिए खुला
माहौल तैयार करना जरूरी है। इसके साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यापक इस्तेमाल को
बढ़ावा देना चाहिए, ताकि उद्योगों में बदलाव और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया तेज हो और विकास
के नए अवसर पैदा हों।
चौथा, विकास के आधार को मजबूत करना। इसके लिए ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी
सहयोग बढ़ाना, सीमा पार भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करना और प्राकृतिक संसाधनों का
सही इस्तेमाल तथा संरक्षण सुनिश्चित करना जरूरी है। इससे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सतत आर्थिक
विकास को बढ़ावा मिल सकेगा।
अपने भाषण के अंत में, शी चिनफिंग ने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र चीन का घर और आधार है।
चीन एशिया-प्रशांत सहयोग का निरंतर समर्थन करेगा। उन्होंने घोषणा की कि चीन APEC के भीतर
व्यावहारिक सहयोग के लिए 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर प्रदान करेगा। चीन शनचन शहर में एक
एशिया-प्रशांत सामुदायिक अनुसंधान केंद्र स्थापित करेगा, जहां नीतिगत अनुसंधान और आदान-
प्रदान किए जाएंगे और बौद्धिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही, चीन एशिया-प्रशांत
सहयोग के आधार पर, डिजिटल प्रौद्योगिकी, सीमा पार डेटा प्रवाह, स्वच्छ ऊर्जा और लघु एवं
मध्यम उद्यम विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोगी संस्थानों की स्थापना करेगा, ताकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र
में नवाचार और हरित विकास में योगदान दिया जा सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)