पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। बीजेपी के दिग्गज नेता लगातार रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। प्रधानमंत्री Narendra Modi से लेकर गृह मंत्री Amit Shah तक, सभी नेताओं की ताबड़तोड़ सभाएं जारी हैं। इसी क्रम में बारसात में आयोजित एक रोड शो उस वक्त खास बन गया, जब देरी के बावजूद एक छोटा सा सोशल मीडिया संवाद चर्चा का विषय बन गया।
शाह का इंस्टा रिप्लाई बना चर्चा
गर्मी में इंतज़ार, मिला जवाब
बारसात रोड शो में दिखा उत्साह
देरी पर शाह ने मांगी माफी
दरअसल, अमित शाह को बारसात में एक रोड शो में पहुंचना था, लेकिन कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते उन्हें वहां पहुंचने में देरी हो गई। इस बीच उन्होंने अपने Instagram अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि “टीएमसी के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब चुका है।”
इस पोस्ट पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी, लेकिन एक कमेंट ने सबका ध्यान खींच लिया। रोड शो में शामिल होने आई एक महिला तनुश्री ने कमेंट करते हुए लिखा—“अमित जी, जल्दी आइए, हम लोग गर्मी में काफी देर से इंतजार कर रहे हैं।” दिलचस्प बात यह रही कि Amit Shah ने खुद इस कमेंट को देखा और तुरंत जवाब दिया—“देरी के लिए क्षमा करें, मैं 10 मिनट में पहुंच रहा हूं।”
इस जवाब ने न सिर्फ तनुश्री को हैरान कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी यह बातचीत वायरल हो गई। तनुश्री के लिए यह पल बेहद खास बन गया, जिसे वह शायद जिंदगी भर याद रखेंगी। इस रोड शो में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। तेज गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक था। अमित शाह के पहुंचते ही माहौल और भी जोशीला हो गया। राजनीति के इस डिजिटल दौर में अब नेता और जनता के बीच की दूरी सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रही… सोशल मीडिया के जरिए सीधा संवाद भी अब चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना रहा है।





