बंगाल में चुनावी हिंसा का दौर…RG कर रेप-मर्डर पीड़िता के घर के बम धमका

Election violence in West Bengal

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा तेज

बीजेपी कार्यकर्ताओं पर बम और गोलीबारी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कोलकाता के पनिहाटी इलाके में बुधवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर बाइक सवार बदमाशों ने बम फेंक दिए। इस हमले में पांच बीजेपी कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें छर्रे लगने की जानकारी मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि हमला आरजी कर रेप-मर्डर पीड़िता के परिवार के घर के पास हुआ। पीड़िता की मां, जिन्होंने हाल ही में बीजेपी टिकट पर पनिहाटी सीट से चुनाव जीत हासिल की है, ने घटना की कड़ी निंदा की। उनका कहना है कि उनके चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से जुड़े कई कार्यकर्ता इस हमले में घायल हुए हैं।

वहीं हावड़ा में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के दो पदाधिकारी और एक राहगीर विजय जुलूस के दौरान हुए बम हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में इसे पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

एक अन्य घटना में बारानगर क्षेत्र के बीजेपी नेता सोमनाथ धर पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगा है। हमलावरों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की। वहीं उत्तर 24 परगना के बशीरहाट में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता रोहित रॉय को गोली लग गई।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं पर चार राउंड फायरिंग की गई। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है और बीजेपी ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Exit mobile version