लखनऊ। उत्तर प्रदेश तेजी से देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में अपनी पहचान बना रहा है। देश के प्रमुख औद्योगिक संगठन FICCI, CII और यंग इंडियंस (YI) ने राज्य की औद्योगिक नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और आधुनिक बुनियादी ढांचे की सराहना करते हुए निवेश के लिए उत्तर प्रदेश को भरोसेमंद राज्य बताया है। सरकार का दावा है कि इन संस्थाओं का समर्थन राज्य को घरेलू ही नहीं, बल्कि वैश्विक निवेशकों के बीच भी मजबूत पहचान दिला रहा है।
- FICCI-CII ने यूपी मॉडल की सराहना
- निवेश के लिए पसंदीदा बना उत्तर प्रदेश
- बेहतर कानून व्यवस्था से बढ़ा विश्वास
- इंफ्रास्ट्रक्चर और MSME को मिला बढ़ावा
- ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर यूपी
लखनऊ में आयोजित FICCI नेशनल एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रणनीतिक नीतिगत सुधार, पारदर्शी प्रशासन और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे सुरक्षित निवेश गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के “डबल इंजन” मॉडल के चलते प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले आठ वर्षों में राज्य की जीडीपी दोगुने से अधिक बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
औद्योगिक निवेश के साथ-साथ राज्य में इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। FICCI और IIT कानपुर के बीच हुए समझौते के माध्यम से स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने, नवाचार को बढ़ावा देने और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा FICCI उत्तर प्रदेश चैप्टर निर्यात संवर्धन, क्षमता निर्माण और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन कर रहा है।
CII की युवा इकाई Young Indians (YI) भी प्रदेश के युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स को नेटवर्किंग, मेंटरशिप और नीति-निर्माताओं से संवाद का मंच उपलब्ध करा रही है। इससे MSME क्षेत्र और नए उद्यमियों को बड़े औद्योगिक नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
FICCI के अध्यक्ष हर्षवर्धन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों को अभूतपूर्व बताते हुए महाकुंभ के सफल आयोजन, अयोध्या के विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और उद्योग-अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच से छह वर्षों में उत्तर प्रदेश के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य महत्वाकांक्षी होने के साथ-साथ पूरी तरह संभव भी है।
वहीं CII एनुअल बिजनेस समिट 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में 18 हजार से अधिक बड़े उद्योग और 96 लाख MSME इकाइयां स्थापित हुई हैं। उन्होंने इसका श्रेय ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, डिजिटल गवर्नेंस, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) जैसी योजनाओं को दिया।
CII अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को लेकर निवेशकों की सोच में बड़ा बदलाव आया है। मजबूत शासन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल माहौल के कारण अब देश-विदेश के निवेशक राज्य में नए अवसर तलाश रहे हैं। औद्योगिक संगठनों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की तेज़ विकास यात्रा आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।