हैदराबाद में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री Bandi Sanjay Kumar के बेटे बंडी साईं भागीरथ ने शनिवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। यह कार्रवाई तेलंगाना हाईकोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने और पुलिस द्वारा लुकआउट सर्कुलर जारी करने के बाद हुई।
- हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद सरेंडर
- नाबालिग से उत्पीड़न के गंभीर आरोप
- पुलिस ने जारी किया था लुकआउट नोटिस
बंडी साईं भागीरथ पर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की मां की शिकायत पर हैदराबाद के पेट बशीराबाद पुलिस स्टेशन में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस लगातार भागीरथ की तलाश कर रही थी। इसी बीच तेलंगाना हाईकोर्ट से भी उन्हें कोई अंतरिम राहत नहीं मिली। इसके बाद उनके वकीलों के जरिए उन्हें जांच अधिकारियों के सामने पेश किया गया।
वहीं गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में भागीरथ की ओर से एक जवाबी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसमें लड़की के परिवार पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सरेंडर के बाद अब भागीरथ से पूछताछ की जाएगी। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है।





