नाइजीरिया का इग्बो-ओरा बना जुड़वां बच्चों का अनोखा शहर
Igbo-Ora दुनिया भर में “ट्विन कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड” के नाम से जाना जाता है। यह शहर नाइजीरिया के ओयो राज्य में स्थित है और यहां जुड़वां बच्चों की संख्या असाधारण रूप से ज्यादा है। आमतौर पर जहां जुड़वां बच्चे जन्म लेना एक दुर्लभ घटना मानी जाती है, वहीं इस शहर में यह एक सामान्य बात है।
हर 1000 जन्म में 158 जुड़वां, आंकड़े कर देंगे हैरान
यहां के आंकड़े किसी को भी चौंका सकते हैं। इग्बो-ओरा में हर 1000 बच्चों में करीब 158 बच्चे जुड़वां होते हैं। यही वजह है कि इस छोटे से शहर के लगभग हर परिवार में आपको ट्विन्स मिल जाएंगे। वैज्ञानिक और शोधकर्ता भी इस अनोखी घटना को समझने के लिए लंबे समय से अध्ययन कर रहे हैं।
इग्बो-ओरा में हर साल ट्विन्स फेस्टिवल मनाया जाता है, जिसमें सैकड़ों जुड़वां बच्चे और उनके परिवार हिस्सा लेते हैं। रंग-बिरंगे कपड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच यह आयोजन शहर की पहचान बन चुका है और दुनिया भर से लोग इसे देखने आते हैं।
दुनिया के अन्य हिस्सों में भी दिखता है ट्विन्स का ट्रेंड
हालांकि इग्बो-ओरा सबसे आगे है, लेकिन कुछ अन्य देशों में भी जुड़वां बच्चों का जन्म अपेक्षाकृत ज्यादा होता है। अमेरिका में हर 1000 में करीब 33 और यूरोप में लगभग 16 जुड़वां जन्म देखने को मिलते हैं। इसके बावजूद ये आंकड़े इग्बो-ओरा के मुकाबले काफी कम हैं।
भारत में भी है ‘ट्विन्स विलेज’, जहां दिखता है अनोखा पैटर्न
Kodinhi भारत का एक ऐसा गांव है, जो जुड़वां बच्चों के लिए जाना जाता है। केरल के मलप्पुरम जिले में स्थित इस गांव में हर 1000 बच्चों पर करीब 45 जुड़वां जन्म लेते हैं। वहीं पूरे भारत का औसत करीब 9 प्रति 1000 है, जो काफी कम है।





