जनजातीय गौरव दिवस पर डिंडोरी के इस छोटे से गांव की बड़ी पहचान की कहानी। जनगढ़ सिंह श्याम ने गोंड चित्रकला को दी वैश्विक पहचान, अब आत्माराम श्याम नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ने में जुटे।
भोपाल। मध्यप्रदेश के जनजातीय अंचल में एक छोटा सा गांव ऐसा भी है, जिसकी पहचान अब देश की सीमाओं से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कला जगत तक पहुंच चुकी है। डिंडोरी जिले के करंजिया विकासखंड का पाटनगढ़ आज केवल एक गांव नहीं, बल्कि गोंड चित्रकला का तीर्थ बन चुका है। यहां की मिट्टी में कला है, घरों में रंग हैं और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं में प्रकृति के प्रति गहरा प्रेम है। जिस गोंड चित्रकला को कभी स्थानीय जनजातीय समाज की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति माना जाता था, वही आज दुनिया के कला बाजारों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
पाटनगढ़ की इस पहचान के पीछे सबसे बड़ा नाम है प्रख्यात गोंड चित्रकार जनगढ़ सिंह श्याम का। उन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा से गोंड चित्रकला को नई पहचान और नया आयाम दिया। कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह गए जनगढ़ सिंह श्याम ने अपनी कला के जरिए ऐसी विरासत छोड़ी, जो आज भी अनेक चित्रकारों को प्रेरित कर रही है। उनकी प्रतिभा को पहचानने का श्रेय प्रसिद्ध कला मर्मज्ञ और चित्रकार स्वर्गीय जे. स्वामीनाथन को जाता है।
300 घरों का गांव, हर घर में कला की पहचान
पाटनगढ़ करीब 300 घरों का गांव है। यहां गोंड और उनकी उपजाति प्रधान समुदाय के लोग रहते हैं। गांव के अनेक परिवार गोंड चित्रकला से जुड़े हैं। चित्रकारी अब यहां केवल सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि आजीविका का माध्यम भी बन रही है।
गोंड चित्रकला को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेशी मेहमानों और विशिष्ट अतिथियों को गोंड पेंटिंग उपहार में देने की पहल का भी योगदान रहा है। इसके साथ ही इस कला को जीआई टैग मिलने से इसकी विशिष्ट पहचान और बाजार में मांग को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी प्रदेश के गोंड चित्रकारों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। नई पीढ़ी के कलाकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर रहे हैं।
आत्माराम श्याम: परंपरा को कैनवास पर उतारती नई पीढ़ी
पाटनगढ़ के पास स्थित सुनपुरी गांव के युवा गोंड चित्रकार आत्माराम श्याम इसी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पिछले करीब सात वर्षों से भोपाल में सक्रिय आत्माराम गोंड चित्रकला के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए समर्पित हैं।
उनकी चित्रकारी में गोंड समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककथाएं, रीति-रिवाज, वन्यजीवन और प्रकृति के साथ मनुष्य के संबंधों की झलक दिखाई देती है। उनके लिए चित्रकारी केवल रंगों और आकृतियों का संयोजन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम है।
आत्माराम बताते हैं कि जीवन का वृक्ष, पशु-पक्षी, जंगल, नदियां, पहाड़, जनजातीय त्योहार, पारंपरिक वाद्ययंत्र और मानव-प्रकृति का संबंध उनके प्रिय विषय हैं।
परिवार से मिला मार्गदर्शन, प्रतिभा ने बनाई पहचान
ललित कला में स्नातकोत्तर आत्माराम की 12वीं तक की पढ़ाई डिंडोरी में हुई। बचपन से ही उनकी रुचि चित्रकला में रही। उनके बड़े पिताजी नर्मदा प्रसाद टेकाम स्थापित चित्रकार हैं, जिनसे उन्हें मार्गदर्शन मिला। वहीं उनकी बड़ी बहन सुशीला श्याम ने उन्हें चित्रकला की बारीकियां सिखाईं।
परिवार से मिले संस्कार और अपनी मेहनत के दम पर आत्माराम ने कला के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। वे कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों तथा कला महोत्सवों में हिस्सा ले चुके हैं।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान
आत्माराम श्याम को उनकी कला साधना के लिए कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं।
-
वर्ष 2022 में गोल्ड अवॉर्ड।
-
वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय कला पुरस्कार।
-
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में सजीव चित्रकला प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान।
-
इंदौर में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विदेशी मेहमानों, विशेषकर अमेरिकी प्रतिनिधियों ने उनकी कलाकृतियों की सराहना की और उन्हें खरीदा।
-
उनकी एक कलाकृति उनके नाम से ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास को भेंट की गई।
भोपाल में मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के दौरान भी आत्माराम को सजीव चित्रकला प्रदर्शन का अवसर मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी कलाकृति की सराहना की।
अब नई पीढ़ी को सिखा रहे गोंड चित्रकला
आत्माराम श्याम का मानना है कि किसी भी लोककला की असली ताकत उसकी अगली पीढ़ी होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को गोंड चित्रकला का प्रशिक्षण देना शुरू किया है। वे महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को कला की बारीकियां सिखाने के साथ कार्यशालाएं भी आयोजित कर रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने डिंडोरी जिले में कला कार्यशालाओं की श्रृंखला आयोजित की। इनका उद्देश्य स्थानीय बच्चों और युवाओं को चित्रकला से जोड़ना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आत्माराम का कहना है कि कला शिक्षा केवल बड़े शहरों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं तक भी इसका विस्तार होना जरूरी है, ताकि वे अपनी पारंपरिक कला को आजीविका और उद्यमिता से जोड़ सकें।
उनके मुताबिक, स्थानीय प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को अपनी कला विरासत और सांस्कृतिक पहचान पर गर्व होना चाहिए।
जनजातीय गौरव की पहचान बनी गोंड चित्रकला
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पाटनगढ़ की कहानी केवल एक कला परंपरा की सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह अपनी जड़ों, संस्कृति और पहचान को सहेजने की प्रेरणा भी है।
एक ओर जनगढ़ सिंह श्याम ने गोंड चित्रकला को वैश्विक पहचान दिलाई, तो दूसरी ओर आत्माराम श्याम जैसे युवा कलाकार इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में जुटे हैं।
पाटनगढ़ की खासियत यही है कि यहां कला सिर्फ कैनवास पर नहीं उभरती, बल्कि लोगों के जीवन में रची-बसी है। जंगलों की कहानियां, प्रकृति के रंग और जनजातीय परंपराएं जब चित्रों में ढलती हैं, तो वे मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान बनकर पूरी दुनिया तक पहुंचती हैं।





