देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून सूरत (गुजरात), इंदौर, मंडला (मध्य प्रदेश), डाल्टनगंज (झारखंड), मोतिहारी (बिहार) होते हुए उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों के भीतर 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और 70 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
17 राज्यों में मौसम अलर्ट
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, सिक्किम और गुजरात के कई इलाकों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में जल्द मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
राजस्थान में 5 जुलाई तक बारिश का दौर
राजस्थान में 30 जून से 5 जुलाई तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कोटा, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 5 जुलाई तक व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। 2 और 3 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
लखनऊ समेत मेरठ, नोएडा, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड और बिहार भी अलर्ट पर
उत्तराखंड के पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। वहीं बिहार के पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर सहित कई जिलों में 65 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।