लालू के लाल की खतरे में जान…मां राबड़ी ने किया दावा—चार बार की तेजस्वी को मारने की कोशिश
तेजस्वी यादव की जान को खतरा! राबड़ी देवी का बड़ा दावा—अब तक 4 बार की गई हत्या की कोशिश
बिहार की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई जब राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने दावा किया कि उनके बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की जान को गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की हत्या की पहले भी चार बार कोशिश की जा चुकी है और अब हालात फिर से चिंताजनक होते जा रहे हैं। राबड़ी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग तेजस्वी को निशाना बना रहे हैं।
- तेजस्वी की जान को खतरा
- पूर्व सीएम राबड़ी देवी बोलीं
- चार बार हो चुकी है मारने की कोशिश
- तेजस्वी की चार बार हत्या की कोशिश
- राज्य सरकार से तेजस्वी को ‘Z+ सुरक्षा’ देने की मांग
विधान परिषद से बाहर निकलते ही किया सनसनीखेज दावा
एक दिन पहले गुरुवार को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राबड़ी देवी अपने दल के सभी विधान पार्षदों के साथ मीडिया से मुखातिब हुईं। इसी दौरान राबड़ी देवी ने कहा उनके बेटे तेजस्वी यादव की जान को खतरा है। अब तक उनकी हत्या की चार बार कोशिश हो चुकी है। सरकार को इस पर चुप नहीं बैठना चाहिए। हमने तेजस्वी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
राबड़ी देवी ने सरकार पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि नीतीश कुमार और उनके सहयोगी सदन में भी मर्यादा तोड़कर गाली-गलौज कर रहे हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि “वो तो बोरिंग रोड पर लड़कियों को छेड़ता था। और अब हमारे परिवार पर गलत बातें बोल रहा है।”
सदन में हंगामा, बाहर मीडिया से सीधा संवाद
राजद नेता राबड़ी देवी का यह बयान उस वक्त आया जब विधानसभा और विधान परिषद में SIR Special Investigation Report को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी था। विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार बिहार से बाहर गए लगभग 4 करोड़ प्रवासी लोगों की समस्याओं और अधिकारों को नजरअंदाज कर रही है। इसी मुद्दे पर पिछले पांच दिनों से विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
राबड़ी देवी ने कहा “हम सरकार से सवाल कर रहे हैं कि उन लोगों का क्या जो रोज़गार और जीवन की तलाश में बिहार से बाहर चले गए? हम 5 दिनों से विधानसभा को घेरे हुए हैं, लेकिन सरकार जवाब नहीं दे रही है। उल्टा हमारे ऊपर साजिशें रची जा रही हैं।”
“बीजेपी-जेडीयू कर रही साजिश”
राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव के खिलाफ कथित षड्यंत्र के पीछे भाजपा और जेडीयू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा “तेजस्वी को मारने के चार प्रयास किए गए और हमें डर है कि आगे भी ऐसी साजिश रची जा सकती है। बीजेपी और जेडीयू लगातार हमारे खिलाफ माहौल बना रहे हैं। उनकी कोशिश है कि हमारी आवाज को दबा दिया जाए।”
“तेजस्वी जनता की आवाज हैं, इसलिए खतरा बढ़ा”
राबड़ी देवी ने कहा कि तेजस्वी यादव केवल नेता नहीं, बिहार की नई पीढ़ी की उम्मीद हैं। उनके बढ़ते जनाधार और लोकप्रियता से सत्ता पक्ष बौखला गया है। “तेजस्वी गरीबों, युवाओं और पिछड़ों की आवाज हैं। वे जो मुद्दे उठा रहे हैं, उनसे सरकार घबरा रही है। इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।” राबड़ी देवी ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की कि तेजस्वी यादव को ‘Z+ सुरक्षा’ दी जाए ताकि उनकी जान की रक्षा हो सके।
सत्ता पक्ष ने आरोपों को बताया “राजनीतिक ड्रामा”
राबड़ी देवी के आरोपों पर अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन भाजपा और जेडीयू के कुछ नेताओं ने उन्हें राजनीतिक ड्रामा करार दिया है। सम्राट चौधरी ने एक प्रतिक्रिया में कहा “राबड़ी देवी सिर्फ सहानुभूति बटोरना चाहती हैं। तेजस्वी यादव पूरी सुरक्षा में रहते हैं और अगर उन्हें कोई खतरा होता, तो राज्य सरकार कार्रवाई जरूर करती। राबड़ी देवी का यह बयान आने वाले समय में बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला सकता है। तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर विपक्ष का दबाव अब बढ़ता जा रहा है और यदि सरकार इस पर चुप्पी साधे रही तो यह मुद्दा विधानसभा से लेकर सड़क तक गूंज सकता है। प्रकाश कुमार पांडेय




