दुबई एयर शो में बड़ा हादसा: IAF का तेजस क्रैश, पायलट का निधन

दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान तेजस हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना अल मकतूम एयरपोर्ट पर डेमो फ्लाइट के समय हुई। शुक्रवार को भारतीय समयानुसार 3:40 बजे तेजस अचानक नियंत्रण खो बैठा और जमीन पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गया। इस भीषण हादसे में तेजस के पायलट की मृत्यु हो गई, जिसकी पुष्टि भारतीय वायुसेना ने की है।

कैसे हुआ हादसा?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तेजस सामान्य तरीके से अपना डेमो दिखा रहा था। लेकिन कुछ ही सेकंड बाद विमान की ऊंचाई तेजी से गिरने लगी और वह सीधे जमीन की ओर बढ़ गया। टक्कर के साथ ही विमान में आग भड़क उठी और हवा में काले धुएं का बड़ा गुबार फैल गया।

जांच के आदेश, IAF ने बनाई कोर्ट ऑफ इंक्वायरी

भारतीय वायुसेना ने इस क्रैश की वजह जानने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित कर दी है। यह तेजस विमान का दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 2024 में पोखरण के पास एक तेजस इंजन फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

एयर शो के आखिरी दिन हुआ हादसा

दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े एयरोस्पेस इवेंट्स में से एक है, जहां नई टेक्नोलॉजी, लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और हथियार प्रणालियां प्रदर्शित की जाती हैं। शुक्रवार इस पाँच दिवसीय शो का अंतिम दिन था। तेजस ने लगातार तीसरे वर्ष इस अंतरराष्ट्रीय इवेंट में हिस्सा लिया था।

IAF ने जताया दुख, एयर शो रोका गया

भारतीय वायुसेना ने अपने बयान में पायलट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिजनों के प्रति संवेदना जताई। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाला और कुछ मिनटों में राहत कार्य शुरू कर दिया। घटना के बाद एयर शो को तुरंत रोक दिया गया और पूरे प्रदर्शन क्षेत्र को खाली कराया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

Exit mobile version