Share Market: अमेरिका से आई राहत भरी खबर का असर! सेंसेक्स 700 अंक उछला, निफ्टी ने छुआ 26 हजार का स्तर – निवेशकों के चेहरे खिले

अमेरिकी डेटा से भारतीय बाजार में जोश
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की। सोमवार सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 700 अंकों से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 26,000 के पार पहुंच गया। अमेरिका से आई महंगाई के ताज़ा आंकड़ों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। उम्मीद से बेहतर महंगाई डेटा के बाद अब इस साल फेडरल रिजर्व की ओर से दो बार ब्याज दरों में कटौती की संभावना मजबूत हुई है। इसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा, जिससे बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।

सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाया नया हाई
बीएसई सेंसेक्स सोमवार दोपहर 12.20 बजे तक 653.30 अंक यानी 0.78% की बढ़त के साथ 84,865.18 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 193.50 अंक यानी 0.75% चढ़कर 25,988.65 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने 84,800 का आंकड़ा पार कर लिया। निफ्टी ने भी 26,000 के ऊपर नया स्तर छुआ, जिससे निवेशकों के पोर्टफोलियो में नई चमक आ गई।

टाटा स्टील और रिलायंस में दमदार उछाल
सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर हरे निशान में रहे। टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टीएमवीवी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में 1% से लेकर 2% तक की बढ़त रही। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो वित्तीय सेवाओं और बैंकिंग सेक्टर ने बाजार को सहारा दिया। निफ्टी बैंक इंडेक्स में 0.4% और पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.1% की मजबूती आई। मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में भी तेजी का माहौल रहा।

एशियाई बाजारों में भी दिखा उत्साह
अमेरिका के सकारात्मक आर्थिक संकेतों का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखा। जापान का निक्केई 2% की उछाल के साथ पहली बार 50,000 अंक के पार चला गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4,000 के ऊपर पहुंच गया। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग 0.78% और चीन का CSI300 इंडेक्स 0.84% ऊपर बंद हुआ। अमेरिकी वायदा बाजारों में भी तेजी रही – नैस्डैक फ्यूचर्स 0.88% ऊपर और यूरोपीय फ्यूचर्स में 0.5% की बढ़त देखी गई। इससे साफ है कि ग्लोबल मार्केट्स फिलहाल पॉजिटिव मूड में हैं।

 

Exit mobile version