“माफिया को मिट्टी में मिलाया…एक्सप्रेसवे से जोड़ा बुंदेलखंड” : महोबा में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

bundelkhand-via-the-expressway

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महोबा पहुंचकर विकास, पर्यटन, जल संरक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली गोरखगिरि पर्वत पर पूजा-अर्चना और शिव तांडव मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने जिले को 697 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें महोबा और चरखारी विधानसभा क्षेत्रों की सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

697 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
गोरखगिरि पर्वत बनेगा पर्यटन हब

“माफिया को मिट्टी में मिलाया…एक्सप्रेसवे से जोड़ा बुंदेलखंड”

महोबा में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड की पहचान पानी की कमी, पलायन, भूमाफिया और खनन माफिया से होती थी, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें “मिट्टी में मिलाने” का काम किया है और अब बुंदेलखंड विकास और निवेश का नया केंद्र बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड को एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ने का कार्य प्रदेश सरकार ने किया है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यहां उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से बाहर निकल चुका है और देश-दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

योगी आदित्यनाथ ने गोरखगिरि पर्वत को भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही महोबा महोत्सव से पहले पर्वतारोहण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि गोरखगिरि पर्वत को राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया और कहा कि यह वीर आल्हा-ऊदल की जन्मभूमि है। यहां चंदेल शासकों की ओर से जल संरक्षण की अद्भुत परंपरा विकसित की थी। उस दौर में अनेक तालाबों का निर्माण किया था। आज भी बुंदेलखंड की पहचान उन जल संरचनाओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की संस्कृति को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इसमें जनभागीदारी महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने महोबा के प्रसिद्ध देशावरी पान को जीआई टैग दिलाकर उसे वैश्विक पहचान प्रदान की है। इससे स्थानीय किसानों और व्यापारियों को बड़ा लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन का आधार है। प्रदेश के सभी 75 जिलों और 825 विकासखंडों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

बुंदेलखंड की सिंचाई व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्जुन सहायक परियोजना के पूरा होने से महोबा और बांदा के लाखों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिली है। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ी है और किसानों की आय में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले वर्षों तक अधूरी पड़ी परियोजनाओं को उनकी सरकार ने मिशन मोड में पूरा कराया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर घर नल जल योजना के माध्यम से बुंदेलखंड के गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। इससे पेयजल संकट काफी हद तक दूर हुआ है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया और कहा कि पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर देश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल है। यहां रक्षा उपकरणों और सैन्य सामग्री का उत्पादन होगा, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि “मेक इन इंडिया” के तहत बनी ब्रह्मोस मिसाइलों ने भारत की ताकत को दुनिया के सामने साबित किया है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके पूरा होने पर बुंदेलखंड की जल समस्या का स्थायी समाधान होगा और कृषि क्षेत्र में नई क्रांति आएगी। साथ ही रतौली बांध जैसी लंबित परियोजनाओं को भी जल्द पूरा किया जाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों को आवास, शौचालय, निःशुल्क राशन, उज्ज्वला योजना का लाभ और बेटियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सहायता राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने महोबा में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता पर भी बल दिया और कहा कि बुंदेलखंड की संभावनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में और निवेश किया जाएगा। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में विकास की नई गाथा लिखी गई है और आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड देश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए, स्वयं सहायता समूहों को 2.47 करोड़ रुपये के डेमो चेक प्रदान किए, ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं तथा युवा उद्यमियों और किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता एवं अनुदान वितरित किए।

Exit mobile version